Skip to content

विश्व संस्कृति महोत्सव का आयोजन डीसी में, एकता की झंकार से गूंजेगी दुनिया

29 सितंबर से एक अक्टूबर तक आयोजित होने वाले ‘विश्व संस्कृति महोत्सव-2023’ के लिए अमेरिका में पूरी तैयारी की जा रही है। महोत्सव में हजारों कलाकार हिस्सा लेंगे। ये कलाकार 35 से अधिक देशों की संस्कृतियों और विरासत का प्रतिनिधित्व करने वाले होंगे।

चौथा विश्व संस्कृति महोत्सव वाशिंगटन डीसी में आयोजित किया जा रहा है। (फोटो : WCF2023)

चौथा विश्व संस्कृति महोत्सव राजधानी वाशिंगटन डीसी में आयोजित किया जाएगा। 29 सितंबर से एक अक्टूबर तक आयोजित होने वाले इस तीन-दिवसीय महासम्मेलन में विश्व के कई नेताओं और दुनिया भर से हजारों लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। विश्व संस्कृति महोत्सव के पिछले तीन संस्करण बेंगलुरु (2006), बर्लिन (2011) और नई दिल्ली (2016) में आयोजित किए गए थे।

अमेरिका के कोलंबिया जिले की मेयर मुरील बोसर ने प्रसिद्ध आध्यात्मिक संगठन आर्ट ऑफ लिविंग के संस्थापक और वैश्विक मानवतावादी गुरुदेव श्री श्री रविशंकर के साथ मिलकर गुरुवार को ‘विश्व संस्कृति महोत्सव-2023 ’ के कार्यक्रमों की घोषणा की। मेयर मुरील बोसर ने कहा कि हम चौथे वार्षिक विश्व संस्कृति महोत्सव की मेजबानी करके खुश हैं। वाशिंगटन, डीसी दुनिया भर के लोगों को एक साथ लाने के लिए एकदम सही शहर है। हम एक ऐसा शहर हैं जो विविधता और समावेशिता का जश्न मनाता है।

उन्होंने कहा कि हम जानते हैं कि गुरुदेव श्री श्री रविशंकर का संदेश 'विविधता सृष्टि की सुंदरता है', हमारे अमेरिकी मूल्यों के साथ मेल खाता है। इसलिए हम लोगों को कार्यक्रम में आने की खातिर योजना बनाने के लिए आमंत्रित करते हैं। उन्होंने कहा कि विश्व संस्कृति महोत्सव जिसने एशिया और यूरोप में अपने पिछले कार्यक्रम के दौरान लाखों लोगों को आकर्षित किया है। वैश्विक विविधता, एकता और शांति का यह उत्सव इस बार संयुक्त राज्य अमेरिका में मनाया जा रहा है।

इस अवसर पर गुरुदेव श्री श्री रविशंकर ने कहा कि दुनिया में बहुत ध्रुवीकरण है। हमें इस खाई को पाटने की जरूरत है। विश्व संस्कृति महोत्सव लोगों के लिए एक साथ आने और एक-दूसरे के मतभेदों का जश्न मनाने का अवसर है। यह समय की मांग है। उत्सव में लोगों को एक साथ लाना और शांति का संदेश फैलाना और यह कहना कि हम एक मानव परिवार हैं।

वर्तमान और पूर्व राज्य प्रमुखों, संसदों और अंतरराष्ट्रीय सरकारी संगठनों के सदस्यों सहित 50 से अधिक विश्व नेताओं ने पहले से ही महोत्सव में भाग लेने के लिए हामी भर दी है। इनमें संयुक्त राष्ट्रसंघ के महासचिव बान की मून, सूरीनाम के राष्ट्रपति चान संतोखी और मॉरीशस के प्रधानमंत्री प्रविंद जगन्नाथ आदि शामिल हैं।

महोत्सव में हजारों कलाकार हिस्सा लेंगे। ये कलाकार 35 से अधिक देशों की संस्कृतियों और विरासत का प्रतिनिधित्व करने वाले होंगे। कार्यक्रम में 500 भारतीय शास्त्रीय नर्तक अपनी नृत्य कला का प्रदर्शन करेंगे। 1,000 चीनी कलाकार के अलावा अफगानी, लैटिन अमेरिका, यूक्रेन आदि सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश करेंगे। इसमें एक विविध अंतर्राष्ट्रीय खाद्य महोत्सव भी होगा जो वाशिंगटन के रसोइये द्वारा तैयार किया जाएगा।

IndianDiaspora #Diaspora #Indian #NewIndiaAbroad #IndiaAbroad #art_of_living #WCF2023 #America #culture #indian_culture

Comments

Latest