Skip to content

अमेरिका के सेलिब्रिटी शेफ विकास खन्ना को इसलिए मिला गौरव सम्मान

भारतीय मूल के सेलिब्रिटी शेफ विकास खन्ना को भारत महोत्सव कार्यक्रम में स्वदेशी सम्मान से सम्मानित किया गया है। कॉन्फ्लुएंस संस्था हर साल 'भारत महोत्सव' का आयोजन करता है। खन्ना ने ओबामा, दलाई लामा, पोप फ्रांसिस, मोदी सहित कई मशहूर हस्तियों के लिए कार्यक्रमों की मेजबानी की है।

अमेरिका में भारतीय मूल के सेलिब्रिटी शेफ विकास खन्ना। फोटो : @TheVikasKhanna

अमेरिका के न्यूयॉर्क में भारतीय मूल के सेलिब्रिटी शेफ विकास खन्ना को लोगों, समुदाय के उत्थान में उनके योगदान के लिए भारत महोत्सव में स्वदेशी सम्मान से सम्मानित किया गया। इस पुरस्कार को भारत गौरव सम्मान के रूप में भी जाना जाता है। खन्ना ने राष्ट्रपति बराक ओबामा, दलाई लामा, पोप फ्रांसिस, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित कई अन्य विश्व नेताओं और मशहूर हस्तियों के लिए कार्यक्रमों की मेजबानी की है।

गैर-लाभकारी संस्था कॉन्फ्लुएंस ने 26 अगस्त को न्यूयॉर्क के टाइम्स स्क्वायर में अपने सालाना महोत्सव में खन्ना को सम्मानित किया। यह पुरस्कार संस्था की तरफ से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त हस्तियों को दिया जाता है। ऐसे शख्स को सम्मानित किया जाता है, जिन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

विकास खन्ना का कहना है कि मैं इस सम्मान को हासिल करने के लिए बहुत सम्मानित महसूस कर रहा हूं। विकास ने कोविड-19 महामारी के दौरान देश भर के कई शहरों में भोजन वितरित करने के लिए फीड इंडिया अभियान शुरू किया। इसके साथ ही अन्य तरीकों से जरूरतमंद लोगों की सहायता की।

बता दें कि विकास ने हाल ही में सबका ध्यान तब आकर्षित किया था जब उन्होंने भारत के 77 वें स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान टाइम्स स्क्वायर न्यूयॉर्क में कोणार्क के सूर्य मंदिर की एक शानदार प्रतिकृति का अनावरण किया था। इसके लिए भारत में ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने उनकी बहुत ही प्रशंसा की थी।

मास्टरशेफ इंडिया और ट्विस्ट ऑफ टेस्ट सहित कई प्राइम-टाइम शो के मेजबान विकास खन्ना गॉर्डन रामसे के किचन नाइटमेयर्स और मास्टरशेफ ऑस्ट्रेलिया सहित कई शो में अतिथि शेफ रहे हैं। उन्होंने दुनिया की सबसे महंगी कुक बुक उत्सव सहित कई किताबें लिखी हैं।

बताया गया है कि कॉन्फ्लुएंस संस्था हर साल 'भारत महोत्सव' का आयोजन करता है। इस साल महोत्सव की थीम 'अमृत काल का जश्न- भारत को नए भारत में बदलना' था। कार्यक्रम के लिए एक स्वदेशी परेड, संगीत कार्यक्रम और अन्य गतिविधियों की योजना बनाई गई थी।

Comments

Latest