Skip to content

कभी-कभी कुछ नहीं करना भी बहुत लाभकारी हो सकता है, आखिर कैसे?

शवासन का नियमित अभ्यास मन को शांत करता है। तनाव से छुटकारा दिलाता है। अवसाद को ठीक करता है। शरीर को आराम देता है। थकान और अनिद्रा से राहत देता है। रक्तचाप को कम करता है। आपकी आंतरिक प्रणाली को मजबूत करता है।

Photo by Kiran Anklekar / Unsplash

कभी-कभी कुछ नहीं करना बहुत कुछ करने से अधिक फायदेमंद होता है। अब कुछ नहीं करने से बहुत फायदा होता है, ये बातें आसानी से हजम नहीं होती है। क्योंकि इतना कुछ करने के बाद भी वो नहीं मिलता है जो हम चाहते हैं, तो ऐसे में कुछ नहीं करने से क्या हासिल हो सकता है?

तनाव से छुटकारा दिलाता है शवासन का अभ्यास। फोटो : @anooppandeyup

योग के दर्शन में इस कुछ नहीं करने का नाम है-शवासन। हो सकता है आप योगामैट पर ढेर सारे आसन करते हों। रोज घंटों मॉर्निंग वॉक करते हों, पहाड़ो पर चढ़ाई का अभ्यास करते होंगे। जिम में जाकर खुब पसीना बहाते होंगे। लेकिन अगर आप शवासन नहीं करते हैं तो इन चीजों का वो लाभ नहीं मिलता है, जो मिलना चाहिए। यदि आप कुछ हफ्तों तक हर दिन पांच मिनट के लिए इस आसन का अभ्यास करते हैं, तो आप मॉर्निंग वॉक, कसरत, पहाड़ों पर चढ़ाई जैसे शारीरिक श्रम में बदलाव महसूस करेंगे। तो आइए सबसे पहले जानते हैं शवासन होता क्या है।

शवासन दो शब्दों से मिलकर बना है, शव और आसन। शव का अर्थ है मृत और आसन मतलब स्थिति है। शब्दों के अर्थ से पता चलता है कि इस आसन में शरीर बिल्कुल शव की तरह हो जाता है। शवासन करने के लिए पीठ के बल सीधे जमीन पर लेट जाते हैं। इसके बाद मन से पूरे शरीर को शिथिल या शांत होने का भाव करते या निर्देश देते हैं। इस तरह थोड़ी देर में पूरा शरीर शांत हो जाता है, लेकिन होश पूरी तरह से बना रहना चाहिए। शरीर और मन के शांत होते ही नींद तुरंत आ जाती है, लेकिन सोना नहीं है।

कई लोगों के लिए इस तरह से लेटना और पांच मिनट के लिए भी इस स्थिति में रहना अजीब हो सकता है। हमारे दिमाग इतने उत्तेजित, व्यस्त और तनावग्रस्त हैं कि वे इस स्थिति में विद्रोह कर सकते हैं। विचारों की बारिश हो सकती है। आप पहली बार में शवासन में चिंतित महसूस कर सकते हैं। लेकिन कुछ दिनों के अभ्यास बाद आपको ये बहुत अच्छा लगने लगेगा।  

शवासन और इसी तरह के अन्य ध्यान के प्रभावों पर वैज्ञानिक अध्ययनों से पता चला है कि नियमित अभ्यास मन को शांत करता है। तनाव से छुटकारा दिलाता है। अवसाद को ठीक करता है। शरीर को आराम देता है। सिरदर्द को कम करता है। थकान और अनिद्रा से राहत देता है। रक्तचाप को कम करता है। आपकी आंतरिक प्रणाली को मजबूत करता है। आपके एडरिनल ग्लैंड को नियंत्रित करता है। श्वास और हृदय गति को कम करता है। स्मृति और यहां तक कि आईक्यू स्कोर भी बढ़ाता है।

आज की तेजी से भागती दुनिया में हर तरफ तनाव व्याप्त है। ऐसे में शवासन एक चमत्कारिक इलाज है। यह तंत्रिका तंत्र को पुनर्जीवित करने और जीवन की कई चुनौतियों और तनावों से निपटने की आपकी क्षमता में सुधार करने में मदद कर सकता है।

Comments

Latest