Skip to content

पंजाब में विधायक की गिरफ्तारी विपक्ष की एकता के लिए घातक तो नहीं?

पंजाब के अपने विधायक की गिरफ्तारी पर कांग्रेस ने आम आदमी पार्टी (AAP) पर 'राजनीतिक प्रतिशोध' लेने का आरोप लगाया है। ऐसे वक्त में यह घटना बड़ी समस्या हो सकती है जब दोनों दल विपक्षी गठबंधन I.N.D.I.A के हिस्से हैं और दोनों के बीच सीटों की साझेदारी को लेकर चर्चा का बाजार गरम है।

Demo Photo by RAHUL ALURI / Unsplash

भारत में अगले वर्ष लोकसभा चुनाव है। यह चुनाव तय करेंगे कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आगे भी इस पद पर कायम रहेंगे, या विपक्ष उन्हें हटाकर अपनी सरकार बना लेगा। यह प्रश्न इसलिए भी उठ रहा है कि क्योंकि मोदी की पार्टी बीजेपी को हराने के लिए विपक्ष के एक बहुत बड़ा गठबंधन बनाया है। लेकिन पंजाब में कांग्रेस के एक विधायक की गिरफ्तारी ने इस गठबंधन की एकता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। वैसे विपक्ष की एकता पर सवाल लगातार उठ रहे हैं।

पंजाब राज्य में आम आदमी पार्टी की सरकार है और इस सरकार ने एक नशीले पदार्थों की तस्करी के पुराने मामले में कांग्रेस के विधायक सुखपाल सिंह खैरा को हाल ही में गिरफ्तार कर लिया है। अब सवाल यह है कि एक मसले पर विपक्ष की एकता कैसे गड़बड़ा सकती है तो जवाब यह है कि कांग्रेस की पहल पर ही नरेंद्र मोदी को हराने के लिए देश की 28 राजनैतिक दलों का एक बड़ा गठबंधन ‘I.N.D.I.A.’ बना है। दूसरी ओर आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल की पहल और युद्धस्तर पर की जारी भागदौड़ ने इस गठबंधन में जान फूंक दी है, लेकिन ‘इंडिया’ में जान डालने वाले ये दोनों बड़े दल अब एक दूसरे पर गंभीर आरोप-प्रत्यारोप में लगे हैं। बता दें कि आम आदमी पार्टी को भी भारत की नेशनल पार्टी का दर्जा प्राप्त हो चुका है।

कांग्रेस विधायक की गिरफ्तारी पर मुख्यमंत्री भगवंत मान भी सही मानते हैं। फोटो: @AAPPunjab

पंजाब के अपने विधायक की गिरफ्तारी पर कांग्रेस ने आम आदमी पार्टी (AAP) पर 'राजनीतिक प्रतिशोध' लेने का आरोप लगाया है। आप पंजाब में सत्तारूढ़ पार्टी है और वहां की पुलिस प्रदेश सरकार के नियंत्रण में ही है, दिल्ली के विपरीत जहां पुलिस का प्रबंधन केंद्र सरकार करती है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में आप की ही सरकार है। बहरहाल, पंजाब में कांग्रेस विधायक की गिरफ्तारी से लगता है कि आप-कांग्रेस के बीच दरारें बढ़ गई हैं। ऐसे वक्त में यह घटना बड़ी समस्या हो सकती है जब दोनों दल विपक्षी गठबंधन I.N.D.I.A के हिस्से हैं और दोनों के बीच सीटों की साझेदारी को लेकर चर्चा का बाजार गरम है। बड़ी बात यह है कि आप नेता अरविंद केजरीवाल ने इस गिरफ्तारी से पल्ला झाड़ लिया है और कहा है कि पंजाब में कानून अपना काम कर रहा है।

दोनों पार्टियों के बीच चल रही तकरार पर यह बताना जरूरी है कि पंजाब कांग्रेस पहले ही आप के साथ गठबंधन के खिलाफ थी। पार्टी के कई दिग्गज नेता विपक्षी गठबंधन में आप को शामिल करने के खिलाफ थे। दिल्ली में भी यही हाल है। यहां पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के बेटे संदीप दीक्षित, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय माकन समेत कांग्रेस के कई बड़े चेहरों ने आप से हाथ मिलाने का मुखर विरोध किया था। दूसरी ओर हाल ही में पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष ने घोषणा की थी कि आगामी लोकसभा चुनाव में उनकी पार्टी पंजाब में अकेले ही चुनाव लड़ेगी और वह आप से सीटों का बंटवारा नहीं करेगी। उनकी इस घोषणा पर कांग्रेस नेतृत्व ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है, यानी कांग्रेस की शह पर कांग्रेस अध्यक्ष ने यह घोषणा की है।

यह ‘झगड़ा’ बता रहा है कि विपक्ष गठबंधन को धार देने में जुटी कांग्रेस और आप में आरोप-प्रत्यारोप का दौर आगे भी चल सकता है, जिसके चलते विपक्षी गठबंधन की एकता खटाई में पड़ सकती है। बात कांग्रेस और आप की लड़ाई तक ही नहीं रुकी है। हाल ही में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, सांसद व पश्चिम बंगाल कांग्रेस के अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी प्रदेश की मुख्यमंत्री व गठबंधन की प्रमुख नेता ममता बनर्जी के स्पेन से लौटने के बाद के बाद उनकी कड़ी आलोचना कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया है कि ममता ने स्पेन जाकर प्रदेश के 'टैक्सपेयर्स की गाढ़ी कमाई से वसूले गए पैसे की बर्बादी' की है। आगे चलें ममता ने प्रदेश में लोकसभा चुनाव में लेफ्ट पार्टियों से गठबंधन करने से इनकार कर दिया है तो दूसरे राज्य केरल में भी कांग्रेस के खिलाफ चुनाव लड़ने की घोषणा कर दी है।

Comments

Latest