Skip to content

RANA का लॉन्ग आइलैंड में दीप महोत्सव, समाजसेवी हुए सम्मानित

भव्य उत्सव के दौरान RANA की ओर से 3 उल्लेखनीय राजस्थानी हस्तियों को उनके असाधारण योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

डॉ. रवीन्द्र के. गोयल को चिकित्सा क्षेत्र में योगदान के लिए सम्माित किया गया। Image : RANA

राजस्थान एसोसिएशन ऑफ नॉर्थ अमेरिका (RANA) ने हाल ही में लॉन्ग आइलैंड में अपना 23वां दीप महोत्सव मनाया। इस दौरान एक यादगार सांस्कृतिक और सामुदायिक आयोजन किया गया और समाज के लिए प्रेरक काम करने वाले ख्यातिलब्ध लोगों को सम्मानित किया गया।

समाजसेवा के लिए भी सम्मान। Image : RANA

भव्य उत्सव के दौरान RANA की ओर से 3 उल्लेखनीय राजस्थानी हस्तियों को उनके असाधारण योगदान के लिए सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में से एक कुशल सचेती थे। सचेती न्यूयॉर्क के एक प्रमुख हीरा व्यापारी और परोपकारी व्यक्ति हैं। उन्हें प्रतिष्ठित लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड राजस्थान रत्न प्रदान किया गया।

समारोह का आरंभ पारंपरिक दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। Image : RANA

बेशक, यह सम्मान बेहद चुनिंदा तरीके से दिया जाता है। यह 24 वर्षों में केवल दूसरी बार है जब राजस्थान रत्न प्रदान किया गया है। इस पुरस्कार के पहले प्राप्तकर्ता थे राजस्थान के शहरी विकास और आवास मंत्री शांति धारीवाल।

सम्मान समारोह के दौरान RANA के अध्यक्ष प्रेम भंडारी ने श्री सचेती के बारे में कुछ बातें साझा कीं। भंडारी ने कहा कि कुशल सचेती ने अमेरिका में 150 छात्रों को छात्रवृत्ति प्रदान की जो बाद में इंजीनियर और एमबीए स्नातक बने।

इनमें से अगर कोई उस पैसे को वापस करना चाहता तो सचेती यही सलाह देते कि अन्य जरूरतमंद बच्चों को आर्थिक मदद पहुंचाई जाये जैसे कि कभी उन्होंने पहुंचाई थी। यही नहीं श्री सचेती यह भी उजागर नहीं करना चाहेंगे कि उन्होंने क्या योगदान दिया। इस पर उपस्थित लोगों ने खड़े होकर श्री सचेती के सम्मान में तालियां बजाईं।

एक अन्य प्रसिद्ध व्यक्ति डॉ. रवीन्द्र के. गोयल को चिकित्सा क्षेत्र और समुदाय दोनों में उनके असाधारण योगदान के लिए सम्मानित किया गया। वर्ष के उद्यमी का खिताब हीरा व्यापारी उद्योग की प्रतिष्ठित हस्ती श्वेता जैन को दिया गया।

कार्यक्रम के दौरान न केवल इन उल्लेखनीय व्यक्तियों का सम्मान किया गया बल्कि राजस्थान की समृद्ध और जीवंत संस्कृति का भी प्रदर्शन किया। इस अवसर पर राजस्थानी बच्चों और महिलाओं ने पारंपरिक गीतों और प्रस्तुतियों से समां बांध दिया।

RANA के अध्यक्ष प्रेम भंडारी की संयुक्त राज्य अमेरिका और विश्व स्तर पर सामुदायिक सेवा के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता के लिए सराहना की गई। महावाणिज्य दूत रणधीर जयसवाल ने दीपावली समारोह, चंद्रयान और महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने वाली पहल सहित RANA की विविध गतिविधियों की सराहना की।

Comments

Latest