Skip to content

एनआरआई सभा के 24 हजार सदस्य, वोट डाल पाएंगे महज 285

एनआरआई सभा के चुनाव 5 जनवरी को होने हैं। चुनाव में तीन उम्मीदवार हैं। इनमें से दो पूर्व अध्यक्ष हैं, ये हैं- जसवीर एस गिल और कमलजीत हायरे। इनके अलावा परविंदर कौर बंगा पहली बार चुनाव लड़ रही हैं।

पंजाब में एनआरआई सभा के अध्यक्ष पद का चुनाव 5 जनवरी को होना है। फोटो nrisabhapunjab.in

भारत के पंजाब में एनआरआई सभा में लगभग 24 हजार रजिस्टर्ड वोटर हैं, लेकिन अगले कुछ दिनों में होने वाले अध्यक्ष पद के चुनाव में महज 285 मेंबर ही वोट देने के पात्र माने गए हैं। संभावना जताई जा रही है कि इनमें से भी महज 100-125 सदस्य ही अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर पाएंगे।

एनआरआई सभा के चुनाव 5 जनवरी को होने हैं। चुनाव में तीन उम्मीदवार हैं। इनमें से दो पूर्व अध्यक्ष हैं, ये हैं- जसवीर एस गिल और कमलजीत हायरे। इनके अलावा परविंदर कौर बंगा पहली बार चुनाव लड़ रही हैं। लेकिन इतनी बड़ी संख्या में एनआरआई का प्रतिनिधित्व करने वाले इस संगठन के चुनाव में सदस्यों की भागीदारी नाम मात्र की ही रहने वाली है।

इसकी वजह है पंजाब सरकार की तरफ से नियमों में किया गया संशोधन। इसके तहत एनआरआई सभा के चुनाव में उन्हीं सदस्यों को मतदान की इजाजत दी जाएगी, जिन्होंने पिछले पांच वर्षों में अपने आईडी कार्ड रिन्यू या जारी कराए हैं।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, करीब 25 सदस्यों ने ही अपने कार्ड रिन्यू कराए हैं। इनके अलावा पिछले पांच वर्षों में 260 नए सदस्य बने हैं। इनमें से भी कितने लोग वोट डाल पाएंगे, ये देखने की बात होगी।

एनआरआई सभा के नए नियमों के खिलाफ पंजाब सरकार के सामने कई बार विरोध दर्ज कराया जा चुका है। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और एनआरआई मामलों के मंत्री कुलदीप सिंह धालीवाल के सामने भी ये मुद्दा उठाया जा चुका है। लेकिन मतदान के पात्र सदस्यों की समस्या का कोई समाधान नहीं निकल पाया है।

एनआरआई सभा के चेयरपर्सन और जालंधर डिवीजन के कमिशन्र गुरप्रीत सपरा का कहना है कि हमने एनआरआई सभा के सदस्यों को अपने कार्ड रिन्यू कराने के लिए पर्याप्त वक्त दिया था। लेकिन बहुत से लोगों ने ऐसा नहीं किया। अब चुनाव के दौरान नियमों को बदलना संभव नहीं है।

Comments

Latest