Skip to content

न्यूयॉर्क में गांधी जयंती पर पर्यावरण को समर्पित रहा मिशन लाइफ

समारोह में भारत के महावाणिज्यदूत रणधीर जयसवाल ने जलवायु गतिविधियों के क्षेत्र में भारत की पहल को रेखांकित किया। उन्होंने मनुष्य और प्रकृति के बीच सद्भाव के प्रबल समर्थक महात्मा गांधी की जयंती पर मिशन लाइफ के लिए बेंच को समर्पित करने के प्रतीकवाद पर भी जोर दिया।

कार्यक्रम का आय़ोजन प्रतिष्ठित सेंट्रल पार्क में किया गया। Image : Mission LiFE

महात्मा गांधी की 154वीं जयंती (2 अक्तूबर) के अवसर पर न्यूयॉर्क में भारत के महावाणिज्य दूतावास ने ReNew की साझेदारी में प्रतिष्ठित सेंट्रल पार्क में मिशन लाइफ समारोह का आयोजन किया। मिशन लाइफ यानी पर्यावरण के लिए समर्पित जीवन शैली के वास्ते एक बेंच।

प्रकृति की छांव में स्वर-लहरियां। Image : Mission LiFE

मिशन लाउफ की शुरुआत अक्तूबर, 2022 में भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस मौजूदगी में की थी। ग्लासगो में COP 26 (कॉन्फ्रेंस ऑफ पार्टीज) में प्रधानमंत्री मोदी द्वारा पहली बार प्रस्तावित मिशन लाइफ की कल्पना भारत के नेतृत्व वाले वैश्विक जन आंदोलन के रूप में की गई है। यह जनांदोलन पर्यावरण की रक्षा और संरक्षण के लिए निजी और सामूहिक गतिविधियों को प्रेरित करेगा।

भारत के महावाणिज्यदूत रणधीर जयसवाल। Image : Mission LiFE

मिशन लाइफ का उद्देश्य पर्यावरण अनुकूल दैनिक आदतों और परंपराओं को अपनाने के साथ लोगों और समुदायों को एक साथ लाना है। मिशन का लक्ष्य एक टिकाऊ और स्वच्छ तथा हरित ग्रह का निर्माण करना है।

समारोह में शामिल अन्य अतिथिगण। Image : Mission LiFE

समारोह में भारत के महावाणिज्यदूत रणधीर जयसवाल ने जलवायु गतिविधियों के क्षेत्र में भारत की पहल को रेखांकित किया। उन्होंने मनुष्य और प्रकृति के बीच सद्भाव के प्रबल समर्थक महात्मा गांधी की जयंती पर मिशन लाइफ के लिए बेंच को समर्पित करने के प्रतीकवाद पर भी जोर दिया।

भारत की सबसे बड़ी नवीकरणीय ऊर्जा कंपनियों में से एक ReNew की सह-संस्थापक और चेयरपर्सन सस्टेनेबिलिटी वैशाली सिन्हा ने भारत और दुनिया भर के लोगों को शामिल करके सतत विकास को समर्पित आंदोलन का नेतृत्व करने के संगठन के मिशन के बारे में बताया।

न्यूयॉर्क शहर के अंतरराष्ट्रीय मामलों के आयुक्त एडवर्ड मर्मेलस्टीन ने इस अवसर पर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की। बेंच को महात्मा गांधी की स्थायी विरासत की याद दिलाने के संदर्भ में उन्होंने कहा कि गांधीजी का जीवन और व्यवहार हमें अहिंसा, करुणा और एकता की दुनिया की ओर प्रेरित करता है।

कार्यक्रम में कई महावाणिज्यदूतों और राजनयिक समुदाय के सदस्यों की उपस्थिति के साथ ही उद्योग, भारतीय प्रवासी और मीडिया जगत से बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए और मिशन लाइफ के साथ हरित ग्रह बनाने के लिए प्रतिबद्ध हुए।

Comments

Latest