Skip to content

कान के रेड कार्पेट पर भारतीय टीम की अगुवाई करेंगे ठाकुर, इन फिल्मी सितारों का दिखेगा जलवा

कान में इस बार 75 का संयोग बन रहा है। भारत आजादी के 75वें साल का जश्न मना रहा है तो भारत और फ्रांस भी अपनी कूटनीतिक संबंध का 75वां साल पूरा कर रहे हैं वहीं, इस मौके पर भारत को कंट्री ऑफ ऑनर जैसा सम्मान मिल रहा है ।

अनुराग ठाकुर। 

फ्रांस में 17 मई को शुरू होने जा रहे 75वें कान फिल्म महोत्सव के रेड कार्पेट इवेंट में इस बार भारतीय टीम का नेतृत्व भारत के सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर करेंगे। यह भारतीय दर्शकों के लिए गाला इवेंट (सबसे बड़ी फैशन प्रतियोगिता) होने जा रहा है, जिसमें भारतीय सिने जगह की बड़ी हस्तियां शिरकत करेंगी। अक्षय कुमार, आर माधवन और नवाजुद्दीन सिद्दीकी इस गाला इवेंट की शोभा बढ़ाएंगे। बता दें कि भारत को इस साल कान फिल्म मार्केट में आधिकारिक रूप से 'कंट्री ऑफ ऑनर' भी घोषित किया गया है यह घोषणा ऐसे समय में हुई है जब भारत अपनी आजादी के 75वें साल का जश्न मना रहा है।

रेड कार्पेट इवेंट में रहेगा इन हस्तियों का जलवा

केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर के नेतृत्व वाली इस भारतीय टीम में हिंदी सिने जगत के तीन एक्टरों के अलावा अभिनेत्रियों में पूजा  हेगड़े, नयनतारा, तमन्ना भाटिया और वाणी त्रिपाठी होगी। वहीं, संगीत जगत से विश्व प्रसिद्ध एआर रहमान, गायक मेम खान और संगीतकार रिकी विज को टीम में शामिल किया गया है। इनके अलावा फिल्मकार शेखर कपूर और सीबीएफसी के चेयरमैन प्रसून जोशी भी समारोह में शामिल होंगे।

तमन्ना भाटिया, पूजा हेगड़े, नयनतारा और वाणी त्रिपाठी भी रेड कार्पेट इवेंट में होंगी। (फोटो : पीआईबी)

भारत की विविधता दिखाना है लक्ष्य

कान में इस बार 75 का संयोग बन रहा है। भारत आजादी के 75वें साल का जश्न मना रहा है तो भारत और फ्रांस भी अपनी कूटनीतिक संबंध का 75वां साल पूरा कर रहे हैं वहीं, इस मौके पर भारत को कंट्री ऑफ ऑनर जैसा सम्मान मिल रहा है । इस सम्मान के अंतर्गत 5 नए स्टार्टअप को ऑडियो विजुअल इंडस्ट्री में कदम रखने का मौका दिया जाएगा।

भारत ने भी कान के इस संस्करण के लिए विशेष तैयारी की है। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि भारत का उद्देश्य देश की समृद्धि और विविधता को दर्शाना है। यहां सिनेमा के जरिए संस्कृति,धरोहर, विरासत और भारत के विकास के काम को दिखाया जाएगा। भारत ने प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों का चुनाव इस तरह से किया है कि देश के हर हिस्से का प्रतिनिधित्व हो सके।

संगीतकार, फिल्मकार सजाएंगे कान में महफिल। (फोटो : पीआईबी)

इस दिन कान में प्रदर्शित होंगी भारत की फिल्में

कान में भारत की अलग-अलग भाषाओं की फिल्मों का प्रदर्शन होगा। इनमें बूम्बा राइड, धुइन,रॉकेट्री, धुइन जैसी फिल्में शामिल हैं। विश्वजीत बोरा निर्देशित बूम्बा राइड, आंचल मिश्रा की धुइन, जयराज की एक ट्री फुल ऑफ पैरोट और शंकर श्री कुमार की अल्फा बीटा गामा को 22 मई को प्रदर्शित किया जाएगा। जबकि माधवन के निर्देशन में बनी पहली फिल्म रॉकेट्री: द नाम्बी इफैक्ट का प्रदर्शन 19 मई को कान के ओलंबिया थिएटर में होगा। इन नई फिल्मों के अलावा भारत के लीजेंड्री फिल्मकार सत्यजीत रे की जन्म शताब्दी के अवसर पर उनकी फिल्म प्रतिवादी की भी स्क्रीनिंग होगी। यह फिल्म कान के क्लासिक सेक्शन के लिए चुनी गई है।

Comments

Latest