Skip to content

चंडीगढ़ में खुले वाणिज्य दूतावास, अमेरिका में भारतीय सांसद की आवाज

भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के सदस्य और पंजाब में अमृतसर से संसद सदस्य गुरजीत सिंह औजला ने कैलिफोर्निया से अमेरिकी सांसद ब्रैड शेर्मन से मुलाकात के दौरान इस दिशा में प्रयास करने का आग्रह किया।

गुरजीत सिंह औजला अमेरिकी सांसद ब्रैड शेर्मन के साथ। फोटो फेसबुक

भारत के चंडीगढ़ में अमेरिका का वाणिज्य दूतावास खोलने के लिए सरकार से गुहार लगाई गई है। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के सदस्य और पंजाब में अमृतसर से संसद सदस्य गुरजीत सिंह औजला ने कैलिफोर्निया से अमेरिकी सांसद ब्रैड शेर्मन से मुलाकात के दौरान इस दिशा में प्रयास करने का आग्रह किया।

औजला ने अपनी हालिया अमेरिका यात्रा के बाद सोशल मीडिया पर बताया कि संयुक्त राज्य अमेरिका की यात्रा के दौरान मुझे कैलिफोर्निया से अमेरिकी प्रतिनिधि सभा के सदस्य ब्रैड शेर्मन से मिलने का अवसर मिला। शेरमन सदन, विदेश मामलों की समिति के वरिष्ठ सदस्य भी हैं और उन्होंने भारत एवं भारतीय अमेरिकियों पर कांग्रेसी कॉकस के डेमोक्रेटिक अध्यक्ष के रूप में भी कार्य किया है।

गुरजीत सिंह औजला ने आगे बताया कि मैंने शेर्मन से चंडीगढ़ में अमेरिकी वाणिज्य दूतावास खुलवाने का प्रयास करने का विनम्रतापूर्वक अनुरोध किया। उनसे ये आग्रह करने की वजह ये रही कि वह विदेश मामलों की समिति के सदस्य हैं।

बता दें कि फिलहाल भारत में अमेरिका के चार वाणिज्य दूतावास हैं। ये दिल्ली, कोलकाता, मुंबई और चेन्नई में हैं। नई दिल्ली स्थित अमेरिकी दूतावास दुनिया के सबसे बड़े राजनयिक ठिकानों में से एक है जो भारत के साथ संयुक्त राज्य अमेरिका के संबंधों के महत्व को दर्शाता है।

दूतावास संयुक्त राज्य अमेरिका में 17 संघीय सरकारी संस्थाओं का प्रतिनिधित्व करता है जिनमें राज्य विभाग से लेकर संघीय उड्डयन प्रशासन तक शामिल हैं। दूतावास पूरे देश में अमेरिका-भारत कनेक्शन की मजबूती सुनिश्चित करने वाले चार वाणिज्य दूतावासों की गतिविधियों का प्रबंधन करता है। मुंबई में महावाणिज्य दूतावास चंडीगढ़ के साथ-साथ गोवा, गुजरात, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, दीव और दमन और दादरा और नगर हवेली राज्यों के लिए कांसुलर सेवाएं प्रदान करता है।

Comments

Latest