Skip to content

अमेरिका में भीषण हादसा, आंध्र के विधायक के 5 रिश्तेदारों समेत 6 की मौत

आंध्र प्रदेश में वाईएसआर कांग्रेस पार्टी के विधायक पोन्नदा वेंकट सतीश कुमार के रिश्तेदार क्रिसमस पर अटलांटा से टेक्सास में परिचितों से मिलने गए थे। अगले दिन लौटते समय एक ट्रक ने उनकी कार में टक्कर मार दी।

मरने वालों में पांच लोग आंध्र प्रदेश के विधायक के रिश्तेदार थे। फोटो साभार सोशल मीडिया

अमेरिका के टेक्सास में भारतीय मूल के पांच लोगों को लिए क्रिसमस की छुट्टियां जानलेवा साबित हुईं। एक दर्दनाक हादसे में इन पांचों समेत छह लोगो की मौत हो गई। ये भारत के आंध्र प्रदेश राज्य के विधायक पोन्नदा वेंकट सतीश कुमार के रिश्तेदार थे।

सतीश कुमार आंध्र प्रदेश की मुम्मीदीवरम सीट से वाईएसआर कांग्रेस पार्टी के विधायक हैं। उन्होंने बताया कि उनके चाचा और उनका परिवार अटलांटा में रहता था। परिवार के सात लोग क्रिसमस की छुट्टियों पर टेक्सास में कुछ रिश्तेदारों से मिलने गए थे। 26 दिसंबर को जब वे घर लौट रहे थे, उसी समय शाम करीब चार बजे जॉन्सन काउंटी में हाइवे पर एक पिकअप ट्रक ने उनकी कार को टक्कर मार दी।

इस हादसे में विधायक के चाचा पी नागेश्वर राव, नागेश्वर राव की पत्नी सीता महालक्ष्मी, बेटी नवीना, पोता क्रुथिक, पोती निशिता और एक अन्य की मौत हो गई। हादसे में नागेश्वर राव के दामाद लोकेश जीवित बच गए, लेकिन बुरी तरह घायल होने के कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।

शुरुआती रिपोर्टों से पता चला है कि ट्रक गलत दिशा से आ रहा था, जिसने कार में टक्कर मार दी। विधायक ने दावा किया कि उसमें दो युवक सवार थे। उनके मुताबिक, स्थानीय पुलिस ने भी पुष्टि की है कि इस हादसे के पीछे ट्रक वाले की गलती थी। हादसे में ट्रक सवार दोनों युवक भी घायल हो गए और अस्पताल में भर्ती हैं।

सतीश कुमार ने बताया कि अमेरिका से शवों को भारत लाने का प्रयास किया जा रहा है। चूंकि लोकेश का अभी इलाज चल रहा है और मरने वाले दो लोग जन्म से अमेरिकी नागरिक थे, इस कारण सरकार की अनुमति लेने की प्रक्रिया की जा रही है।

Comments

Latest