Skip to content

अयोध्या में रामलला के लिए 8 फीट लंबा सोने का सिंहासन हो रहा है तैयार

रामलला की प्रतिमा अगले साल 22 जनवरी को भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा एक ऐतिहासिक समारोह में स्थापित की जाएगी। राम मंदिर के भूतल पर 15 दिसंबर तक काम पूरा हो जाएगा। अब तक पहली मंजिल पर 80% काम पूरा हो गया है। गर्भगृह का निर्माण और परिक्रमा मार्ग का फर्श का काम भी पूरा हो गया है।

अयोध्या में तेज गति से हो रहा है राम मंदिर का निर्माण। फोटो : @ShriRamTeerth

अयोध्या स्थित राम मंदिर में भगवान राम की प्रतिमा के लिए 8 फीट लंबा सोने से मढ़ा संगमरमर का सिंहासन जल्द ही लगने वाला है। राजस्थान के कारीगरों द्वारा सिंहासन तैयार किया जा रहा है। यह 15 दिसंबर तक अयोध्या पहुंच जाएगा। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य अनिल मिश्रा के अनुसार, संगमरमर का सिंहासन मंदिर के गर्भगृह में विराजमान होगा। गर्भगृह में रखा जाने वाला यह सिंहासन आठ फुट ऊंचा और चार फुट चौड़ा होगा।

अनिल मिश्रा के मुताबिक भक्तों ने मंदिर के लिए भारी मात्रा में सोने और चांदी की वस्तुओं को भी दान किया है। इनमें सोने-चांदी के सिक्के और ईंटें शामिल हैं। उन्होंने कहा, दान की गई वस्तुओं को सुरक्षित रखने में काफी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उन्हें एक ठोस ब्लॉक में पिघलाकर सुरक्षित रखा जाएगा। यह कार्य एक प्रतिष्ठित संस्था के मार्गदर्शन में किया जाएगा।

मिश्रा का कहना है कि मंदिर के निर्माण कार्य में तेजी आई है और श्रमिकों की संख्या भी इसके हिसाब से बढ़ी है। राम मंदिर के भूतल पर हर हाल में 15 दिसंबर तक काम पूरा हो जाएगा। उन्होंनें बताया कि अब तक पहली मंजिल पर 80% काम पूरा हो गया है। गर्भगृह का निर्माण और परिक्रमा मार्ग का फर्श का काम भी पूरा हो गया है। वर्तमान में गृह मंडप के तल पर संगमरमर बिछाने का काम किया जा रहा है। सीढ़ियों के साथ अन्य स्थानों पर फर्श का काम चल रहा है।

तीनों फ्लोर की छत का काम भी किया जा रहा है और सुरक्षा उपकरण लगाए गए हैं। राम मंदिर की बाहरी दीवार के प्रवेश द्वार का काम भी अंतिम चरण में है। यह नवंबर के अंत तक हो जाएगा, जबकि पहली मंजिल पर कुल 19 में से 17 खंभे भी लगाए जा चुके हैं। रामलला की प्रतिमा अगले साल 22 जनवरी को भारतीय प्रधान मंत्री मोदी द्वारा एक ऐतिहासिक समारोह में स्थापित की जाएगी।

Comments

Latest