Skip to content

राहुल गांधी की सांसदी रद्द होने की गूंज अमेरिका तक, पीएम मोदी से हुई ये मांग

राहुल गांधी की सांसदी जाने पर इंडियन ओवरसीज कांग्रेस, यूएसए (IOCUSA) के उपाध्यक्ष जॉर्ज अब्राहम ने कहा कि यह भारत में लोकतंत्र के लिए एक दुखद दिन है। भारतीय-अमेरिकी सांसद रो खन्ना ने इसे गांधीवादी दर्शन और भारत के गहरे मूल्यों के साथ गहरा विश्वासघात करार दिया है।

राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता रद्द कर दी गई है। (फोटो twitter @RahulGandhi)

भारत में कांग्रेस पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता का निलंबन विदेशी मीडिया और राजनीतिक जमात में चर्चा का विषय बना हुआ है। किसी ने इसे राहुल पर व्यक्तिगत हमला बताया है तो कोई भारतीय लोकतंत्र की दुहाई दे रहा है। आलोचना की आंच प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तक भी पहुंची है तो भारतीय-अमेरिकी सांसद रो खन्ना ने अपनी विरासत का हवाला देते हुए पीएम मोदी से इस फैसले को पलटने की गुहार लगाई है। ।

राहुल की सांसदी जाने पर इंडियन ओवरसीज कांग्रेस, यूएसए (IOCUSA) के उपाध्यक्ष जॉर्ज अब्राहम ने कहा है कि यह भारत में लोकतंत्र के लिए एक दुखद दिन है। राहुल गांधी को अयोग्य ठहराकर मोदी सरकार हर जगह अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और भारतीयों की स्वतंत्रता के लिए मौत की घंटी बजा रही है। अब्राहम ने कहा कि राहुल गांधी ने कई साल पहले जो बयान दिया था, वह एक राजनीतिक अभियान की गहमागहमी में था। उस तुच्छ से मामले पर अदालती फैसले के बाद ऐसा कदम उठाना शर्मनाक है और अभिव्यक्ति की आजादी की संविधान की भावना के अनुरूप नहीं है।

अब्राहम ने यह सवाल भी उठाया कि जब राहुल ने यह बयान कर्नाटक में दिया था तो उस पर वहां सुनवाई क्यों नहीं हुई, गुजरात में क्यों हुई। उन्होंने कहा कि अगर उपनामों पर कीचड़ उछालने के मामले कुरेदे जाएंगे तो इसमें भाजपाई नेताओं के पुराने मामले भी निकलेंगे। अभी राहुल गांधी के साथ जो हुआ है, वह भारतीय लोकतंत्र के भविष्य के लिए चिंताजनक है। हर स्वतंत्रता प्रेमी को इस पर सोचना चाहिए।

उन्होंने कहा कि न्यूयॉर्क टाइम्स ने जिस तरह से इस मामले पर प्रतिक्रिया दी है, वह न केवल काबिलेगौर है बल्कि उससे यह भी साफ हो जाता है कि अमेरिकी मीडिया ने इस मसले को कितनी गंभीरता से लिया है। NYT ने इसे ब्रेकिंग न्यूज के तौर पर चलाया और कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का विरोध करने वाले अंतिम राष्ट्रीय नेता राहुल गांधी को भारत की संसद से निष्कासित कर दिया गया।

अब्राहम के अलावा भारतीय-अमेरिकी सांसद रो खन्ना ने ट्वीट करके कहा कि राहुल गांधी को संसद की सदस्यता के अयोग्य ठहराया जाना गांधीवादी दर्शन और भारत के गहरे मूल्यों के साथ गहरा विश्वासघात है। उन्होंने कहा, यह ऐसा भारत नहीं है, जिसके लिए मेरे दादाजी ने अपनी जिंदगी के कई साल जेल में कुर्बान कर दिए थे। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से इस मामले में हस्तक्षेप करने का अनुरोध किया है।

खन्ना ने प्रधानंमत्री मोदी को टैग करते हुए लिखा कि भारतीय लोकतंत्र की खातिर आपके पास इस फैसले को बदलने की ताकत है। रो खन्ना अमेरिका की प्रतिनिधि सभा में सिलिकॉन वैली का प्रतिनिधित्व करते हैं। वह भारत और भारतीय-अमेरिकियों पर अमेरिकी संसद के कॉकस के सह-अध्यक्ष हैं।

Comments

Latest