Skip to content

AIA ने कैलिफोर्निया में मनाया दशहरा और दिवाली धमाका

उत्सव में शामिल होने के लिए महिलाएं और पुरुष पारंपरिक भारतीय परिधान पहनकर आए थे। AIA, बे एरिया तेलुगु एसोसिएशन (BATA) और ईस्ट बे कराओके (EBK) समूहों के सदस्य गायकों ने अपनी संगीत प्रस्तुति से दर्शकों को मुग्ध कर दिया।

बच्चों ने नृत्य के माध्यम से प्रस्तुत की पारंपरिक संस्कृति की झांकी। Image : AIA

एसोसिएशन ऑफ इंडो अमेरिकन (AIA) और बॉली 92.3 ने 21 अक्तूबर को अलामेडा काउंटी फेयरग्राउंड, प्लिसटन, कैलिफोर्निया में दशहरा और दिवाली धमाका मनाया। यह एक अनूठा और उत्तरी कैलिफोर्निया का सबसे बड़ा उत्सव था जिसे बे एरिया के 45 से अधिक भारतीय संगठनों का समर्थन हासिल था।

सांस्कृतिक गतिविधियों का आनंद उठाते समुदाय के लोग। Image : AIA

उत्सव ने भारतीय परंपराओं, विविधता और संस्कृति की मनोहारी झांकी पेश की। दिन भर चले इस आयोजन में 20 हजार से अधिक लोगों की भागीदारी रही। इस अवसर पर रावण दहन, आतिशबाजी और डिस्को डांडिया जैसी गतिविधियों में शामिल होने के लिए लोगों में खूब उत्साह दिखा।

देवी लक्ष्मी की रथ यात्रा में पुरुषों के साथ महिलाओँ ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। Image : AIA

इस कार्यक्रम के महा प्रायोजक थे संजीव गुप्ता CPA (फायरवर्क्स) और डॉ. प्रकाश आडवाणी (रावण दहन)। अन्य प्रायोजकों में रिलेटर नागराज अन्निया, यूएस बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, ट्रैवेलोपोड, ऑनशोर कारे, एनबीसी बे एरिया न्यूज़ और विजेता सुपरमार्केट शामिल रहे।

स्वास्थ्य जागरूकता के लिए लगाया कैंप। Image : AIA

अल्मेडा काउंटी पर्यवेक्षक डेविड हाउबर्ट (सह-मेजबान), भारत के महावाणिज्य दूत डॉ. श्रीकर रेड्डी, राज्य सीनेटर डेव कॉर्टेज़, विधानसभा सदस्य लिज ओर्टेगा, एलेक्स ली, अल्मेडा काउंटी पर्यवेक्षक एलिसा मार्केज, लेना टैम, उप महापौर माइकल मैककोरिस्टन, जैक बाल्च, काउंसिल सदस्य राज सलवान, श्रीधर वेरोसे, जीन जोसी, मैरिसोल रुबियो और शेरी हू जैसे गणमान्य व्यक्तियों और स्थानीय निर्वाचित अधिकारियों ने उपस्थित लोगों को दिवाली की शुभकामनाओं दीं और मेहमानों को संबोधित किया। भारतीय-अमेरिकी सांसद रो खन्ना ने भी उत्सव में उत्साह के साथ भाग लिया।

आकर्षण का केंद्र रहा 30 फुट का रावण
विविध कार्यक्रमों की शृंखलाओं में लोगों की उपस्थिति लगातार बनी रही। 30 फुट से ऊंचा रावण सभी के आकर्षण का केंद्र था। बुराई का प्रतीक रावण दहन देखने के लिए लोग देर तक कार्यक्रम में बने रहे। देवी लक्ष्मी की रथ यात्रा में पुरुषों के साथ महिलाओँ ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। आतिशबाजी का बच्चों के साथ बड़ों ने भी मजा लिया और सब लोग डिस्को डांडिया में डूबे रहे।

पारंपरिक परिधान
उत्सव में शामिल होने के लिए महिलाएं और पुरुष पारंपरिक भारतीय परिधान पहनकर आए थे। AIA, बे एरिया तेलुगु एसोसिएशन (BATA) और ईस्ट बे कराओके (EBK) समूहों के सदस्य गायकों ने अपनी संगीत प्रस्तुति से दर्शकों को मुग्ध कर दिया। ज्वैलरी सहित कई तरह के सजावटी सामान के स्टॉल्स पर हर उम्र के लोगों का जमावड़ा रहा। फैमिली फैशन शो ने सबको लुभाया और बच्चे खेल गतिविधियों में तल्लीन दिखे।

Comments

Latest