Skip to content

वॉशिंगटन में होगा आर्ट ऑफ लिविंग का चौथा विश्व सांस्कृतिक महोत्सव

विश्व शांति के भारतीय प्रणेता श्रीश्री रविशंकर के दि आर्ट ऑफ लिविंग फाउंडेशन (AOLF) का चौथा विश्व सांस्कृतिक महोत्सव इस वर्ष 29 सितंबर से 1 अक्टूबर तक वाशिंगटन डीसी स्थित नैशनल मॉल में किया जाएगा।

वर्ष 2016 में दिल्ली में आयोजित चौथा विश्व सांस्कृतिक महोत्सव (साभार सोशल मीडिया)

विश्व शांति के भारतीय प्रणेता श्रीश्री रविशंकर द्वारा स्थापित दि आर्ट ऑफ लिविंग फाउंडेशन (AOLF) का चौथा विश्व सांस्कृतिक महोत्सव-2023 का आयोजन इस वर्ष 29 सितंबर से 1 अक्टूबर तक वाशिंगटन डीसी स्थित नैशनल मॉल में किया जाएगा। कोलंबिया डिस्ट्रिक्ट की मेयर म्यूरियल बोउसर और श्रीश्री रविशंकर ने एक समारोह में यह घोषणा की।

दि आर्ट ऑफ लिविंग फाउंडेशन के संस्थापक गुरुदेव श्रीश्री रविशंकर (साभार सोशल मीडिया)

बताया गया कि विविधता, संस्कृति और मानवीय भावना का वैश्विक उत्सव मनाने के लिए दुनिया के 180 देशों के प्रतिनिधि महोत्सव का हिस्सा बनेंगे। शांति और एकता स्थापित करने के प्रयास में यह महोत्सव आयोजित किया जा रहा है। यह महोत्सव फिर से ऐतिहासिक संयोग बनने जा रहा है जहां मानवीय उत्थान के लिए दुनिया एकजुट होकर शांति और एकता के लिए सामूहिक प्रतिबद्धता के प्रण लेगी।

श्रीश्री रविशंकर ने कहा कि आज दुनिया बंटी हुई है। इस महोत्सव के जरिए उन्हें एक मंच पर आने का मौका मिलेगा। यह विश्व समुदाय के लिए गौरव की बात होगी। हम सभी एक विश्व के परिवार हैं। यह समझने के लिए महोत्सव सबसे महत्वपूर्ण अवसर बनने जा रहा है। वाशिंगटन डीसी में विश्व संस्कृति महोत्सव में 180 से अधिक देशों से भागीदार अपेक्षित हैं।

उन्होंने कहा, इतनी बड़ी जन भागीदारी के बीच यह आयोजन ओलिंपिक-स्तरीय उत्सव के तौर पर यादगार बनेगा। दुनिया के विभिन्न देशों के हजारों कलाकार पहले से ही महोत्सव में भाग लेने के लिए अपनी प्रतिबद्धता जताई है। त्योहार के कार्यक्रमों की घोषणा बाद में की जाएगी।

वाशिंगटन डीसी में 29 सितंबर से शुरू होने वाले तीन दिवसीय विश्व सम्मेलन से पहले भारत के बेंगलुरु (2006), बर्लिन (2011) और नई दिल्ली (2016) में आयोजित किया जा चुका है। बताया गया कि वर्ष 2016 में भारत की राजधानी दिल्ली में आयोजित महोत्सव में 155 देशों के 3.75 मिलियन (37.5 लाख) लोग शामिल हुए थे।

आर्ट ऑफ लिविंग फाउंडेशन में 180 सदस्य देश हैं। यह एक गैर लाभकारी संस्था है। इसके संस्थापक गुरुदेव श्रीश्री रविशंकर एक वैश्विक मानवतावादी, आध्यात्मिक नेता और शांतिदूत हैं। उन्होंने दुनिया भर में लाखों लोगों को प्रतिकूल परिस्थितियों में शांति और सहज जीवन की जीने की राह दिखाई है। गुरुदेव ने श्रीलंका, इराक, वेनेजुएला और कोलंबिया जैसे संघर्षग्रस्त क्षेत्रों में शांति का संदेश फैलाया है।

Comments

Could not load content