Skip to content

अमेरिकी राजनीति में तेजी से बढ़ रहा भारतीयों का वर्चस्व, NYT ने भी माना

टाइम्स ने एक सर्वेक्षण का हवाला देते हुए कहा कि अधिकतर भारतीय अमेरिकी मतदाता डेमोक्रेट हैं। सर्वे में लगभग 60% भारतीय अमेरिकी कहते हैं कि वह समुदाय के उम्मीदवार को वोट देने के लिए उस पार्टी का भी साथ छोड़ सकते हैं जिसे वह पसंद करते हैं।

अमेरिका में भारतीय अप्रवासियों की बढ़ती आर्थिक शक्ति और उच्च शैक्षिक स्तर ने समुदाय को राजनीति में भी नित नई ऊंचाइयां छूने के लिए प्रेरित किया है। हाल ही में न्यूयॉर्क टाइम्स ने एक लेख छापा है जिसमें अमेरिकी राजनीति में एक दशक के अंदर ही भारतीय प्रवासियों की तेजी से तरक्की का आकलन किया गया है।

सबसे बड़े अप्रवासी समूहों में से एक होने के बावजूद दस साल पहले भारतीय मूल के अमेरिकियों का राजनीति में प्रतिनिधित्व काफी कम था। अमेरिकी कांग्रेस में 1 और राज्य विधानमंडल में 10 से भी कम भारतीय अमेरिकी थे। वहीं आज पांच भारतीय अमेरिकी कांग्रेस के सदस्य हैं और लगभग 50 राज्य विधानसभाओं में हैं। उपराष्ट्रपति कमला हैरिस भारतीय अमेरिकी हैं और आगामी चुनावों के लिए दो भारतीय अमेरिकी निक्की हेली और विवेक रामास्वामी राष्ट्रपति पद की दौड़ में हैं।

प्रमिला जयपाल सिएटल स्थित एक जिले का प्रतिनिधित्व करती हैं जो ज्यादातर श्वेत अमेरिकियों का गढ़ है।

टाइम्स में छपे लेख के अनुसार इम्पैक्ट और एएपीआई विक्ट्री फंड जैसे कई ऐसे समूह हैं जिन्होंने भारतीय अमेरिकियों को राजनीति में चुनावी ताकत बनने के लिए समर्थन किया। जॉर्जिया, पेन्सिलवेनिया और टेक्सास जैसे राज्यों में भारतीय अमेरिकियों की बड़ी तादाद है जो स्थानीय, राज्य और फेडरल स्तर पर समुदाय के नेताओं की मदद करते हैं।

इलिनॉइस से कांग्रेस सदस्य भारतीय मूल के राजा कृष्णमूर्ति ने टाइम्स से कहा कि भारतीय अमेरिकी समुदाय पहले राजनीतिक भागीदारी को लेकर ज्यादा प्राथमिकता नहीं देता था। लोग खुद को आर्थिक रूप से स्थापित करने और सामुदायिक प्रयासों का समर्थन करने पर अधिक ध्यान लगाते थे। लेकिन एक बार जब उन्होंने हम जैसे लोगों को निर्वाचित होते देखना शुरू किया और इसकी अहमियत समझी, तो राजनीतिक भागीदारी उनके लिए एक अहम हिस्सा बन गई।

श्री थानेदार डेट्रायट से हैं और ऐसे जिले का प्रतिनिधित्व करते हैं जहां अश्वेत बहुसंख्यक हैं।

टाइम्स के अनुसार भारतीय अमेरिकी प्रतिनिधित्व सिर्फ उन जिलों तक सीमित नहीं है जहां भारतीय अमेरिकी बहुसंख्यक हैं। प्रमिला जयपाल सिएटल स्थित एक जिले का प्रतिनिधित्व करती हैं जो ज्यादातर श्वेत अमेरिकियों का गढ़ है। श्री थानेदार डेट्रायट से हैं और ऐसे जिले का प्रतिनिधित्व करते हैं जहां अश्वेत बहुसंख्यक हैं।

टाइम्स ने AAPI डेटा, APIAVote और एशियन अमेरिकन्स एडवांसिंग जस्टिस के सर्वेक्षण का हवाला देते हुए कहा कि अधिकतर भारतीय अमेरिकी मतदाता डेमोक्रेट हैं। साल 2020 में 74% ने राष्ट्रपति चुनाव में बाइडेन के लिए वोट किया था। यह बाकी एशियाई समूहों की तुलना में सबसे अधिक रहा। हालांकि सर्वेे में लगभग 60% भारतीय अमेरिकियों का कहना था कि वह भारतीय अमेरिकी उम्मीदवार को वोट देने के लिए उस पार्टी का भी साथ छोड़ सकते हैं जिसे वह पसंद करते हैं।

2020 के इस सर्वे के लेखकों में से एक साधवानी कहती हैं कि भारतीय अमेरिकी वास्तव में अधिक से अधिक भारतवंशियों को निर्वाचित होते देखना चाहते हैं। ऐसे में मेरा मानना है कि निक्की हेली को इस भूमिका में आते देखने के लिए भारतीय अमेरिकियों में काफी उत्साह रहेगा।

Comments

Latest