पिछले महीने भारत के ग्रेटर नोएडा में आयोजित इंडिया एक्सपोमार्ट के दौरान साउथ एशिया ट्रैवल एंड टूरिज्म एक्सचेंज (SATTE) में टूरिज्म अथॉरिटी ऑफ थाईलैंड (TAT) ने अपनी 2023 की थीम 'विजिट थाईलैंड ईयर 2023: अमेजिंग न्यू चैप्टर' की पेशकश की थी।
ट्रेड शो से ठीक पहले TAT ने थाईलैंड को एक पसंदीदा पर्यटन स्थल के रूप में बढ़ावा देने के इरादे से भारतीय यात्रा उद्योग को धन्यवाद देने के लिए नई दिल्ली में समारोह आयोजित किया था। इसका नाम 'ए मिलियन थैंक्स: अमेजिंग थाईलैंड नाइट रिसेप्शन' था। यह कवायद इसलिए की गई थी ताकि वर्ष 2023 में पर्यटन उद्योग में वैसी ही बहार आए जैसी कि कोविड से पहले थी।
बकौल TAT गवर्नर युथसाक सुपासोर्न, 'थाईलैंड के लिए भारत हमेशा से एक महत्वपूर्ण और प्राथमिक पर्यटन बाजार रहा है और अब भी है। भारतीय यात्रियों के मन में लोकप्रिय पर्यटन स्थल के रूप में थाईलैंड की सकारात्मक छवि को मजबूत करने में मदद के लिए हम भारत में अपने सभी उद्योग भागीदारों को धन्यवाद देना चाहते हैं।'
वर्ष 2022 में मलेशिया के बाद भारत थाईलैंड में पर्यटकों का दूसरा सबसे बड़ा स्रोत था। पिछले साल कुल 1 करोड़ 10 लाख विदेशी पर्यटक थाईलैंड गए थे। इनमें से करीब 10 लाख भारतीय थे। इस साल 7 फरवरी तक थाईलैंड में 25.8 लाख विदेशी पर्यटक आए, जिनमें से 1,22,303 भारत से थे।
भारत सरकार ने थाईलैंड से आने वाले यात्रियों के लिए कोविड परीक्षण आवश्यकताओं को 13 फरवरी से समाप्त कर दिया था। TAT ने भारत के इस फैसले की सराहना करते हुए कहा कि पर्यटन उद्योग को कोविड के चलते जो नुकसान हुआ है, इस फैसले से उसकी भरपाई हो सकेगी। इसके बाद TAT ने भारतीय पर्यटकों के लक्ष्य में बढ़ोतरी कर दी थी। TAT ने पहले 14 लाख भारतीय पर्यटकों का लक्ष्य रखा था जो बढ़ाकर 20 लाख कर दिया गया। फुकेत जैसे लोकप्रिय थाई गंतव्यों के पर्यटन संघों ने भी परीक्षण आवश्यकता खत्म करने का स्वागत किया।
ब्रिटिश ट्रेवल ग्रुप थॉमस कुक ने 2012 में एक सर्वे किया था। TAT ने उस सर्वे के हवाले से बताया कि भारतीय पर्यटकों के तीन प्रमुख ठिकानों में से एक थाईलैंड भी है। अन्य दो ठिकाने यूएई ( दुबई और अबूधाबी) और मालदीव हैं। इसीलिए TAT इस कोशिश में है कि इस साल 20 लाख भारतीय पर्यटकों का लक्ष्य प्राप्त कर लिया जाए जोकि कोविड-19 से पहले के समान है।