Skip to content

भारतीय वित्त मंत्री के साथ ये 3 हस्तियां भी सबसे ताकतवर महिलाओं में शुमार

फोर्ब्स की इस लिस्ट में यूरोपीय आयोग की प्रमुख उर्सुला वॉन डेर लेयेन शीर्ष पर हैं। दूसरे नंबर पर यूरोपीय सेंट्रल बैंक की प्रमुख क्रिस्टीना लेगार्ड और तीसरे नंबर पर अमेरिकी उपराष्ट्रपति कमला हैरिस हैं।

फोर्ब्स ने दुनिया की सबसे शक्तिशाली महिलाओं की नई सूची जारी की है। फोटो साभार@Forbes

फोर्ब्स की दुनिया की सबसे शक्तिशाली महिलाओं की सूची में अमेरिकी उपराष्ट्रपति कमला हैरिस और सिंगर टेलर स्विफ्ट के साथ भारत की वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने भी जगह बनाई है। इस लिस्ट में निर्मला 32वें स्थान पर हैं।

फोर्ब्स की इस प्रतिष्ठित सूची में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के अलावा भारत की तीन अन्य महिलाओं को भी शामिल किया गया है। ये हैं- रोशनी नादर मल्होत्रा, सोमा मंडल और किरण मजूमदार शॉ।

रोशनी नादर एचसीएल कॉर्पोरेशन की सीईओ हैं, वहीं सोमा मंडल स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया की चेयरपर्सन हैं। किरण मजूमदार शॉ बायोकॉन की संस्थापक हैं। लिस्ट में रोशनी नादर 60वें स्थान पर हैं जबकि सोमा मंडल को 70वें और किरण मजूमदार शॉ को 76वें स्थान पर रखा गया है।

निर्मला सीतारमण ने मई 2019 में भारत की पहली पूर्णकालिक वित्त मंत्री का पदभार संभाला था। फोर्ब्स ने उनके बारे में लिखा कि राजनीति में आने से पहले निर्मला ने ब्रिटेन के कृषि इंजीनियर्स एसोसिएशन और बीबीसी वर्ल्ड सर्विस में भूमिकाएं निभाई थीं। वह राष्ट्रीय महिला आयोग की सदस्य भी रही हैं।

रोशनी मल्होत्रा ​​एचसीएल के संस्थापक और उद्योगपति शिव नादर की बेटी हैं। फोर्ब्स ने उनके बारे में लिखा कि जुलाई 2020 में एचसीएल टेक्नोलॉजीज की अध्यक्ष बनने के बाद रोशनी कंपनी के सभी अहम फैसले लेती हैं।

सोमा मंडल सरकारी कंपनी SAIL की पहली महिला अध्यक्ष हैं। 2021 में इस पद पर नियुक्त होने के बाद कंपनी का पहले साल मुनाफा तीन गुना तक बढ़ गया था।

फोर्ब्स ने किरण मजूमदार के बारे में लिखा कि वह अपने दम पर भारत की सबसे अमीर बनने वाली महिलाओं में से एक हैं। उन्होंने 1978 में बायोफार्मा कंपनी बायोकॉन की स्थापना की थी जिसकी मलेशिया के जोहोर क्षेत्र में एशिया की सबसे बड़ी इंसुलिन फैक्ट्री है।

फोर्ब्स की इस लिस्ट में यूरोपीय आयोग की प्रमुख उर्सुला वॉन डेर लेयेन शीर्ष पर हैं। दूसरे नंबर पर यूरोपीय सेंट्रल बैंक की प्रमुख क्रिस्टीना लेगार्ड और तीसरे नंबर पर अमेरिकी उपराष्ट्रपति कमला हैरिस हैं।

Comments

Latest