Skip to content

भारत में इन नौकरियों में होगी पैसों की बरसात! नई रिपोर्ट ने जगाई उम्मीद

अर्न्स्ट एंड यंग की रिपोर्ट में कहा गया है कि वर्ष 2023 में भारत में निजी कर्मचारियों का वेतन औसतन 10.2 प्रतिशत बढ़ने की उम्मीद है। ई-कॉमर्स, पेशेवर सेवाओं और सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्रों में वेतन वृद्धि की संभावना ज्यादा है।

Photo by rupixen.com / Unsplash

भारत में वर्ष 2023 के दौरान निजी कर्मचारियों की औसत वेतन वृद्धि 10.2 प्रतिशत तक रहने की उम्मीद है। माना जा रहा है कि मुख्य रूप से ई-कॉमर्स, पेशेवर सेवाओं और सूचना प्रौद्योगिकी से जुड़े क्षेत्रों में ज्यादा वेतन बढ़ने का संभावना है। हालांकि पिछले साल की तुलना में यह वेतन वृद्धि थोड़ी कम रह सकती है। पेशेवर सेवा संगठन अर्न्स्ट एंड यंग (ईवाई) की एक रिपोर्ट में यह आकलन किया गया है।

ई-कॉमर्स में वेतन वृद्धि की रफ्तार काफी तेज रहने की उम्मीद जताई गई है। (Photo by Austin Distel / Unsplash)

अर्न्स्ट एंड यंग की वर्ष 2023 के लिए आई फ्यूचर ऑफ पे सर्वे रिपोर्ट के अनुसार 2023 में 10.2 प्रतिशत की वेतन वृद्धि हो सकती है, जो वर्ष 2022 के 10.4 प्रतिशत की तलुना में थोड़ी कम होगी। हालांकि ब्लू-कॉलर पेशेवर जैसे किसान, मिस्त्री, पावर प्लांट ऑपरेटर, इलेक्ट्रिशियन आदि को छोड़कर यह गणना की गई है।

रिपोर्ट में कहा गया है कि वर्ष 2023 में वेतन वृद्धि से लिहाज से तीन शीर्ष क्षेत्र प्रौद्योगिकी से जुड़े हैं। ई-कॉमर्स में सबसे अधिक 12.5 प्रतिशत की अनुमानित वेतन वृद्धि हो सकती है। इसके बाद पेशेवर सेवाओं में 11.9 प्रतिशत और आईटी सेक्टर से जुड़े लोगों के वेतन में 10.8 प्रतिशत का इजाफा हो सकता है।

ईवाई की फ्यूचर ऑफ पे रिपोर्ट दिसंबर 2022 से फरवरी 2023 के बीच इकट्ठा किए गए आंकड़ों के आधार पर बनाई गई है। इसमें भारत के 150 से अधिक मध्यम और बड़े व्यावसायिक संगठनों पर किए गए सर्वे को आधार माना गया है।

ईवाई इंडिया पार्टनर और टोटल रिवार्ड्स प्रैक्टिस लीडर, वर्कफोर्स एडवाइजरी सर्विसेज, अभिषेक सेन के मुताबिक,  बेहतर प्रदर्शन करने वाले और उच्च दक्षता वाले कर्मचारियों के वेतन में में 1.7 से लेकर दोगुना तक की वृद्धि होने की संभावना है।

रिपोर्ट में कहा गया है कि 2023 में भारत में नौकरियों के लिहाज से सबसे आशाजनक उभरते क्षेत्रों में अक्षय ऊर्जा, ई-कॉमर्स, डिजिटल सेवाएं, स्वास्थ्य सेवा, दूरसंचार, शैक्षिक सेवाएं, खुदरा और रसद और वित्तीय प्रौद्योगिकी शामिल हैं। इस क्षेत्रों में रोजगार के ज्यादा अवसर हैं।

रिपोर्ट से पता चला है कि 48 प्रतिशत से अधिक संगठन उच्च कौशल वाले कर्मचारियों को ज्यादा तवज्जो देते हैं और वेतन बढ़ोतरी उनकी कार्य क्षमता पर निर्भर करती है। योग्य कर्मचारियों के लिए रोजगार के व्यापक विकल्प खुल रहे हैं। कोरोना के समय और उसके बाद रोजगार पर जो संकट छाया हुआ था, वह खत्म हो रहा है।

Comments

Latest