Skip to content

कनाडा में अचानक बढ़े हैं भारतीय तकनीकी कर्मी, क्या है प्रमुख वजह

देश में शीर्ष तकनीकी प्रतिभाओं को आकर्षित करने के लिए कनाडा ने अमेरिका से एच1-बी वीजा धारकों के लिए ओपन वर्क परमिट देना शुरू कर दिया है। अमेरिका में एच1-बी वीजा धारकों में करीब 75 फीसदी हिस्सेदारी रखने वाले भारतीय इस योजना के प्रमुख लाभार्थी होंगे।

Photo by Glenn Carstens-Peters / Unsplash

द टेक्नोलॉजी काउंसिल्स ऑफ नॉर्थ अमेरिका (TECNA) और कनाडा के टेक नेटवर्क (CTN) की हालिया रिपोर्ट के अनुसार अप्रैल 2022 और मार्च 2023 के बीच कनाडा में आने वाले वैश्विक तकनीकी उद्योग के श्रमिकों का सबसे बड़ा समूह भारतीयों का है।

रिपोर्ट में कहा गया है कि 32,000 से अधिक तकनीकी कर्मचारियों में से 15,097 भारत से आए हैं। इसके बाद सबसे अधिक संख्या 1,808 रही, जो नाइजीरिया से आए हैं। ऐसा कनाडा की आव्रजन-अनुकूल राष्ट्रीय नीति और श्रम लागत में लाभ के कारण हुआ है।

Canadian flag
कनाडा का मिसिसॉगा 300,000 से अधिक तकनीकी पेशेवरों के साथ लगभग 1,000 आईटी कंपनियों का घर है। Photo by sebastiaan stam / Unsplash

कनाडा का मिसिसॉगा 300,000 से अधिक तकनीकी पेशेवरों के साथ लगभग 1,000 आईटी कंपनियों का घर है। यहां तकनीकी पारिस्थितिकी तंत्र में साल 2015 से 2020 तक लगभग 31 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। यह जगह तकनीकी प्रतिभावान पेशेवरों के लिए कनाडा में शीर्ष पर है।

'टेक वर्कफोर्स ट्रेंड्स: द माइग्रेशन ऑफ टेक वर्कर्स एंड टेक जॉब्स सिन्स द पेंडेमिक' शीर्षक वाली रिपोर्ट में कहा गया है कि वैश्विक स्तर पर चल रही प्रतिभा की कमी के बीच तकनीकी कर्मचारियों का कनाडा में बड़ा प्रवासन न सिर्फ कुशल श्रमिकों की आवश्यकता को पूरा करता है बल्कि यह तकनीकी व्यवसाय कार्यबल के लिए एक आशावादी और समृद्ध भविष्य की ओर इशारा करता है।

प्रवासन निष्कर्षों के अनुसार अप्रैल 2022 से मार्च 2023 तक दुनिया भर से कुल 1,900 तकनीकी कर्मचारी मिसिसॉगा आए और 959 कनाडा के दूसरे शहर मॉन्ट्रियल आए। रिपोर्ट में कहा गया है कि जहां तकनीकी प्रतिभाओं का वैश्विक शुद्ध प्रवासन मुख्य रूप से भारत, नाइजीरिया और ब्राजील से हुआ वहीं कनाडा भी वाशिंगटन डीसी, बोस्टन, शिकागो और फिलाडेल्फिया जैसे प्रमुख अमेरिकी शहरों से अमेरिकी प्रतिभाओं को प्राप्त कर रहा है जिनमें भारतीय भी शामिल हैं।

बता दें कि देश में शीर्ष तकनीकी प्रतिभाओं को आकर्षित करने के लिए कनाडा ने अमेरिका से एच1-बी वीजा धारकों के लिए ओपन वर्क परमिट देना शुरू कर दिया है। अमेरिका में एच1-बी वीजा धारकों में करीब 75 फीसदी हिस्सेदारी रखने वाले भारतीय इस योजना के प्रमुख लाभार्थी होंगे।

Comments

Latest