Skip to content

पटियाला में पढ़े विमल कपूर संभालेंगे इस नामी अमेरिकी कंपनी की कमान

विमल कपूर को हनीवेल इंटरनेशनल का मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) घोषित किया गया है। उन्होंने कहा कि हनीवेल के साथ तीन दशकों तक विभिन्न क्षेत्रों और विभागों में काम करना सौभाग्य की बात है। हनीवेल दुनिया को एक बेहतर जगह बनाने में प्रमुख भूमिका निभा रहा है।

भारतीय मूल के एक और कारोबारी पेशेवर ने अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त अमेरिकी बहुराष्ट्रीय कंपनी में मुखिया की हैसियत हासिल कर ली है। विमल कपूर को हनीवेल इंटरनेशनल का मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) घोषित किया गया है।

निर्माण उद्योग में तीन दशक का अनुभव रखने वाले विमल कपूर 1 जून को डेरियस एडमस्क की जगह हनीवेल में सीईओ का पद संभालेंगे। करीब 10 महीने पहल ही कपूर को कंपनी का प्रेसिडेंट और सीओओ नियुक्त किया गया था। एडमस्क 2017 से हनीवेल के सीईओ का पद संभाल रहे थे। अब वह एग्जीक्यूटिव चेयरमैन के तौर पर हनीवेल में सेवाएं जारी रखने वाले हैं।

कपूर ने भारत के पटियाला में थापर इंस्टीट्यूट से इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग की तालीम लेकर इंस्ट्रूमेंटेशन में विशेषज्ञता हासिल की थी। इसके बाद वह हनीवेल कंपनी से जुड़े थे। कंपनी में रहते हुए कपूर कई विभागों में प्रमुख पदों पर रहे। कंपनी की ओर से मीडिया से साझा की गई जानकरी के अनुसार कपूर हनीवेल ऑटोमेशन इंडिया के प्रबंध निदेशक भी रहे हैं।

विमल कपूर ने प्रतिक्रिया में कहा कि हनीवेल के साथ तीन दशकों तक विभिन्न क्षेत्रों और विभागों में काम करना सौभाग्य की बात है। हनीवेल दुनिया को एक बेहतर जगह बनाने में प्रमुख भूमिका निभा रहा है। मुझे इस महान कंपनी के सीईओ की भूमिका निभाने पर गर्व और खुशी की अनुभूति हो रही है।

Comments

Latest