Skip to content

WTO में लंबित छह व्यापार विवादों को भारत व अमेरिका ने सुलझाया

अधिकारी ने बताया कि दोनों देशों ने सभी लंबित विवादों के समाधान के बारे में डब्ल्यूटीओ के विवाद निपटान निकाय (डीएसबी) को बता दिया है। इन छह विवादों में तीन भारत द्वारा और तीन अमेरिका द्वारा शुरू किए गए हैं।

पीएम मोदी और राष्ट्रपति बाइडेन। फोटो साभार सोशल मीडिया

भारत और अमेरिका ने विश्व व्यापार संगठन (WTO) में लंबित सभी छह व्यापार विवादों को पारस्परिक सहमति से सुलझा लिया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की हालिया अमेरिका यात्रा के दौरान दोनों देशों ने इस बारे में प्रतिबद्धता जताई थी।

एक अधिकारी ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि दोनों देशों ने सभी लंबित विवादों के समाधान के बारे में डब्ल्यूटीओ के विवाद निपटान निकाय (डीएसबी) को बता दिया है। इन छह विवादों में तीन भारत द्वारा और तीन अमेरिका द्वारा शुरू किए गए हैं।

Wooden map of the world with pins
Demo Photo by Brett Zeck / Unsplash

डब्ल्यूटीओ 28 अमेरिकी उत्पादों पर भारत की तरफ से अतिरिक्त सीमा शुल्क लगाने से जुड़े विवादों में एक के संबंध में पहले ही सूचना जारी कर चुका है। अधिकारी ने कहा कि बाकी पांच विवादों के संबंध में भी डब्ल्यूटीओ जल्द ही सूचना जारी करेगा। विश्व व्यापार संगठन की 17 जुलाई की सूचना के अनुसार अमेरिका और भारत ने विवाद निपटान निकाय को बताया है कि वे पारस्परिक रूप से मामलों का समाधान कर रहे हैं। ये समाधान विवाद निपटान के नियमों और प्रक्रियाओं के अनुरूप किया जा रहा है।

जिस व्यापार विवाद को सुलझाया गया, वह 2019 में अमेरिका द्वारा भारत के खिलाफ दायर की गई एक शिकायत से संबंधित है। अमेरिका द्वारा स्टील और एल्यूमीनियम के कुछ उत्पादों पर शुल्क बढ़ाने के जवाब में भारत ने चना, दाल और सेब सहित 28 अमेरिकी उत्पादों पर अतिरिक्त सीमा शुल्क लगा दिया था।

सरकारी सूत्रों ने बताया कि भारत चना, दाल और सेब सहित आठ अमेरिकी उत्पादों पर अतिरिक्त शुल्क हटा देगा, जो 2019 में अमेरिका द्वारा स्टील और एल्यूमीनियम उत्पादों पर टैरिफ बढ़ाने के जवाब में लगाए गए थे। गौरतलब है कि अमेरिका भारत का सबसे बड़ा व्यापारिक भागीदार है। 2022-23 में द्विपक्षीय व्यापार बढ़कर 128.8 बिलियन अमेरिकी डॉलर हो गया था, जो 2021-22 में 119.5 बिलियन डॉलर था।

Comments

Latest