भारत अब दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा 5जी नेटवर्क स्थापित करने वाला देश बन गया है। 10 महीनों में 3,00,000 साइटों के निर्माण के बाद ऐसा संभव हो पाया है। यह जानकारी खुद भारत के दूरसंचार मंत्री अश्विनी वैष्णव ने अपने एक सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए साझा की है। बता दें कि अभी दुनिया में सबसे बड़ा 5जी नेटवर्क चीन में है। चीन में कुल मिलाकर 356 शहरों में 5जी सेवा उपलब्ध हैं।
भारत में निर्मित सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म कू पर एक पोस्ट में मंत्री ने लिखा कि दुनिया का सबसे तेज 5G रोलआउट जारी है। 714 जिलों में 3 लाख से अधिक साइटें स्थापित की गई हैं। दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा 5G इकोसिस्टम अब भारत में है। इसके अलावा संसद के साथ साझा की गई जानकारी के अनुसार दूरसंचार सेवा प्रदाता भारती एयरटेल और रिलायंस जियो ने मिलकर साइटें स्थापित की हैं, जो जुलाई में 2.8 लाख थीं।
World’s fastest 5G roll-out continues…
— Ashwini Vaishnaw (@AshwiniVaishnaw) August 1, 2023
👍Over 3 lakh 5G sites installed in 714 districts. pic.twitter.com/UErilC9n1I
बता दें कि भारत का दूरसंचार विभाग 5जी नेटवर्क के रोलआउट की जिलों के संदर्भ में निगरानी कर रहा है। विभाग ने पिछले महीने संसद को बताया था कि 7 जुलाई तक देश भर में वितरित 717 जिलों में 5जी नेटवर्क शुरू कर दिया गया है।
भारत की संसद में सरकार के राज्य मंत्री देवुसिंह चौहान ने पिछले महीने राज्यसभा में एक बयान में कहा था कि देश में 5जी नेटवर्क को तेजी से शुरू करने के लिए सरकार ने कई पहल की हैं। कई तकनीकी कामों को त्वरिंत मंजूरी देने के साथ-साथ 5जी नेटवर्क के रोलआउट में सुविधा और तेजी लाने के लिए गतिशक्ति संचार पोर्टल लॉन्च किया गया है।
मंत्री ने बताया कि DoT ने 5G तकनीक में प्रगति का प्रभावी ढंग से उपयोग करने के लिए स्वास्थ्य, खेल, कृषि और भारी उद्योग मंत्रालय सहित विभिन्न मंत्रालयों को कम्यूनिकेशन भेजा है। आपको बता दें कि पिछले वर्ष अक्टूबर में ही 5जी सर्विस को भारत में लॉन्च किया गया था। पहली 1 लाख साइटें 5 महीनें में तैयार हुई थीं जबकि कुल मिलाकार 2 लाख साइटों का काम 8 महीनें में पूरा हो गया था।