भारत के अरुणाचल प्रदेश की हरीभरी पहाड़ियों में स्थित है शांति से भरपूर और बेहद खूबसूरत जिरो वैली। चीड़ के लंबे पेड़ों से लदी पहाड़ियों और धान के खेतों से घिरी इस घाटी में पूरे साल मौसम शानदार रहता है। समुद्र तल से लगभग 1688 मीटर की ऊंचाई पर स्थित यह खूबसूरत घाटी यूनेस्को की वर्ल्ड हेरिटेज साइट की अस्थायी सूची में भी दर्ज है। लेकिन जो बात इस घाटी को खास बनाती है वह है यहां की अपतानी ट्राइब।
अपतानियों को उत्तर पूर्वी भारत की सबसे पुरानी जनजातियों में से एक माना जाता है जिन्होंने सदियों से इस खूबसूरत घाटी को अपना घर बना रखा है। अपतानी जनजाति की संस्कृति ने ही इस घाटी को जड़ों से जोड़कर रखा है और उस संस्कृति व विरासत को जीवंत बनाए रखा है जिसकी वजह से दुनिया भारत को जानती है।