Skip to content

राजे-रजवाड़ों के इस शहर में डिजिटल यात्रा कर पाएंगे आप, मिलेगी ये सुविधाएं

राजस्थान सरकार एक ऐसी प्रणाली स्थापित करने में लगी है जो पर्यटकों के लिए यात्रा आसान बना सके। इसके लिए स्मार्ट कार्ड का प्रयाेग करना सर्वप्रथम पहल है। यह प्रत्येक स्मारक पर टिकट खरीदने से भी राहत देगा और उनके सफर को आरामदायक बनाएगा।

Photo by Nomad Bikers / Unsplash

भारत के राजे-रजवाड़ों के राज्य राजस्थान में अगर आप घूमना पसंद करते हैं तो ये खबर आपके लिए है। राजस्थान में जल्द ही आपको कई स्मारकों तक पहुंचने के लिए एक ही स्मार्ट कार्ड का उपयोग करने की सुविधा मिलने वाली है। इस कार्ड की मदद से आप राजस्थान में स्मारकों, होटल, कैब, रिसॉर्ट्स आदि सभी को एक साथ नेविगेट कर पाएंगे और बिना परेशानी के राजस्थान घूम सकेंगे।

Take a ride 🐘
एक कार्ड से सभी स्मारकों की यात्रा कर सकेंगे पर्यटक। Photo by Jeet Dhanoa / Unsplash

मिली जानकारी के अनुसार राजस्थान सरकार एक ऐसी प्रणाली स्थापित करने में लगी है जो पर्यटकों के लिए यात्रा आसान बना सके। इसके लिए स्मार्ट कार्ड का प्रयाेग करना सर्वप्रथम पहल है। राजस्थान सरकार के एक अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि शुरुआत में पर्यटकों को एक स्मार्ट कार्ड के माध्यम से कई स्मारकों तक पहुंच प्राप्त होगी। इस कार्ड को उन्हें रिचार्ज करना होगा।

उन्होंने आगे कहा कि इस उद्देश्य के लिए एक पोर्टल विकसित किया जाएगा। यह पोर्टल पर्यटकों को प्रत्येक स्मारक पर टिकट खरीदने से भी राहत देगा और उनके सफर को आरामदायक बनाएगा। सरकार द्वारा संरक्षित सभी स्मारकों पर यह एक कार्ड मान्य होगा।

उन्होंने आगे कहा कि शुरुआती चरण के दौरान स्मारकों के अलावा अंतरराज्यीय यात्रा के लिए सुपर लग्जरी बसों को सेवा में शामिल किया जाएगा। इस कार्ड की वैधता पर भी तय की जाएगी ताकि स्मारकों पर भीड़ प्रबंधन में भी मदद मिल सके।

रिपोर्ट्स की मानें तो सिस्टम की प्रतिक्रिया के आधार पर इस सेवा का विस्तार किया जाएगा और निजी स्मारकों या संग्रहालयों को भी इसके तहत कवर किया जाएगा। एक बार यह प्रणाली लागू हो जाने पर टिकट के लिए कतार में खड़े होने की आवश्यकता समाप्त हो जाएगी जो पर्यटकों के संसाधन और समय दोनों की बचत करेगी।

यह भी संभव है कि पर्यटक सेवाओं जैसे राजस्थान पर्यटन विकास निगम के स्वामित्व वाले होटल, निजी होटल और रिसॉर्ट्स, कैब सेवाओं को भी इस कार्ड से जोड़ा जाए। लेकिन यह काम धीरे-धीरे किया जाएगा।

Comments

Latest