भारत की प्रो-एमएमए फाइटर पूजा तोमर को बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। मिक्स्ड मार्शल आर्ट की दुनिया में सबसे बड़ी कंपनी यूएफसी ने पूजा के साथ कॉन्ट्रैक्ट साइन किया है। पूजा तोमर पहली भारतीय महिला हैं, जिन्हें यह सम्मान हासिल हुआ है।
🚨| Matrix Fight Night strawweight champion Puja Tomar (8-4) has signed with the UFC.
— MMA Orbit (@mma_orbit) October 17, 2023
She will be the first-ever Indian woman to fight in the UFC.
[via @mmaecosystem]#UFC #MMA pic.twitter.com/5uepvjecfZ
मैट्रिक्स फाइट नाइट (एमएफएन) की मौजूदा स्ट्रॉवेट चैंपियन पूजा तोमर ने इंस्टाग्राम पर इस ऐतिहासिक उपलब्धि की जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि यूएफसी के साथ ये अनुबंध एमएफएन और इसकी अध्यक्ष आयशा श्रॉफ के समर्थन से संभव हुआ।
भारत के उत्तर प्रदेश की मूल निवासी 28 वर्षीय पूजा पांच बार की राष्ट्रीय वुशु चैंपियन हैं। उन्होंने 2012 में बंद हो चुकी सुपर फाइट लीग के साथ अपने एमएमए करियर की शुरुआत की थी। वन चैंपियनशिप में जाने से पहले 2017 में उन्होंने एमएमए प्रमोशन में 3-1 का रिकॉर्ड बनाया था।
पूजा को हालांकि वन चैंपियनशिप में खराब प्रदर्शन का सामना करना पड़ा और वह अपने पांच मुकाबलों में से चार हार गईं। 2021 में वह एमएफएन में शामिल हुईं और लगातार चार जीत दर्ज कीं।
इसके बाद नवंबर 2022 में पूजा ने एमएफएन 10 में अपने पूर्व वन प्रतिद्वंद्वी बी गुयेन को हराकर एमएफएन स्ट्रॉवेट खिताब जीता। जुलाई में पूजा ने रूस की अनास्तासिया फेओफानोवा को हराकर फिर से खिताब अपने नाम किया।
पूजा अब भारत के लाइटवेट स्टार अंशुल जुबली के साथ मिलकर ऑक्टागन में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। अंशुल को फरवरी 2023 में UFC का अनुबंध मिला था। वह जल्द ही UFC 294 में अपना प्रमोशन डेब्यू करने वाले हैं।