Skip to content

साल के प्रतिष्ठित सम्विद स्कॉलर चुने गए भारतीय मूल के अवि गुप्ता

अवि गुप्ता येल में डॉक्टर ऑफ लॉ (जेडी) के छात्र हैं। उन्होंने 2023 में स्टैनफोर्ड विश्वविद्यालय से कंप्यूटर विज्ञान में एमएससी डिग्री ली थी। इससे पहले स्टैनफोर्ड में बीए राजनीति विज्ञान का अध्ययन किया।

अवि गुप्ता। फोटो लिंक्डइन

तृतीय वार्षिक सम्विद स्कॉलर्स की घोषणा कर दी गई है। इनमें भारतीय मूल के छात्र अवि गुप्ता भी शामिल हैं। अवि येल स्कूल ऑफ लॉ के छात्र है। इस प्रतिष्ठित छात्रवृत्ति के लिए देशभर से 1,000 से अधिक आवेदन आए थे, जिनमें से 20 छात्रों को चुना गया है।

अवि गुप्ता ने लिंक्डइन पर इसके बारे में जानकारी देते हुए लिखा कि मैं सम्विद स्कॉलर के रूप में चुने जाने पर सम्मानित महसूस कर रहा हूं। इससे मुझे देश भर के युवा नेताओं के प्रेरक समूह से सीखने का मौका मिलेगा। मैं वास्तव में भाग्यशाली हूं।

सम्विद छात्रवृत्ति कार्यक्रम की स्थापना 2021 में सम्विद वेंचर्स द्वारा की गई थी जो शिक्षा एवं उद्यमिता के माध्यम से जीवन को बेहतर बनाने के लिए समर्पित एक परोपकारी संगठन है। इसका मिशन स्नातक छात्रों में नेतृत्व क्षमता का विकास करना और उन्हें वित्तीय सहायता के माध्यम से समाज के लिए परिवर्तनकारी कार्यों की अगुआई करने के लिए सशक्त बनाना है।

इस साल चुने गए स्कॉलर्स में चिकित्सा, चिकित्सा प्रौद्योगिकी, विकलांगता पैरोकारी और आर्थिक विकास के क्षेत्र से जुड़े युवा शामिल हैं। इस छात्रवृत्ति के तहत अवि गुप्ता और अन्य 19 विद्वानों को उनके स्नातक कार्यक्रम के लिए 100,000 डॉलर तक की धनराशि प्राप्त होगी।

अवि गुप्ता येल में डॉक्टर ऑफ लॉ (जेडी) के छात्र हैं। उन्होंने 2023 में स्टैनफोर्ड विश्वविद्यालय से कंप्यूटर विज्ञान में एमएससी डिग्री ली थी। इससे पहले स्टैनफोर्ड में बीए राजनीति विज्ञान का अध्ययन किया। 2022 में वह प्रौद्योगिकी और सार्वजनिक नीति पर ट्रूमैन छात्रवृत्ति प्राप्त करने वाले 58 छात्रों में से एक थे।

अवि गुप्ता हाई स्कूल से ही सार्वजनिक नीति कार्यक्रमों में शामिल रहे हैं। 2016 में उन्होंने अपने सहपाठियों के साथ मिलकर छात्रों द्वारा संचालित एक गैर-लाभकारी संस्था Project32 की स्थापना की थी। इसके माध्यम से उन्होंने दुनिया भर में वंचित युवाओं के लिए दंत स्वच्छता शिक्षा और दंत उत्पादों तक पहुंच प्रदान की।

2019 में वह एनबीसी के शो जेओपार्डी में नजर आए थे, जहां वह किशोर टूर्नामेंट के राष्ट्रीय चैंपियन बने। उन्होंने अग्नाशय कैंसर अनुसंधान में मदद के लिए #InspiredBy अभियान शुरू किया था और अपनी जीत में से 10,314 डॉलर का दान दिया। उन्होंन अग्नाशय कैंसर का शीघ्र पता लगाने के अनुसंधान के लिए 200,000 डॉलर जुटाए थे।

कोविड-19 के चरम के दौरान अवि गुप्ता लाइफमेक के संस्थापक सदस्य के रूप में पेशेवर इंजीनियरों, चिकित्सकों और डिजाइनरों के एक समूह में शामिल रहे जिसने जरूरतमंदों अस्पतालों और कम लागत वाले विश्वसनीय वेंटिलेटर हासिल करने में मदद की।

Comments

Latest