Skip to content

बेहद खास हैं हिमाचल प्रदेश के ये गांव, स्वर्ग जैसा मिलेगा आनंद ही आनंद

1864 में जब अंग्रेजों ने हिमाचल प्रदेश के शहर शिमला को "भारत की ग्रीष्मकालीन राजधानी" घोषित किया तो पर्यटन गतिविधि को बढ़ावा मिला। स्वतंत्रता के बाद, बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में अधिक निवेश के कारण राज्य में पर्यटन के द्वार खुल गए। हालांकि पर्यटन को सबसे ज्यादा बढ़ावा 80 के दशक के बाद मिला।

हिमाचल में किन्नौर का चितकुल गांव भारत-चीन सीमा से पहले आखिरी गांव है। सभी फोटो: हिमाचल प्रदेश टूरिज्म

पर्यटन के लिहाज से हिमाचल प्रदेश भारत के अग्रणी राज्यों में एक माना जाता है। इस प्रदेश की हरियाली, पहाड़ियां और नदियां यात्रियों को खूब लुभाती हैं। और यही विविधता हिमाचल प्रदेश को साहसिक पर्यटकों के बीच पसंदीदा बनाती है। इसके साथ ही हिमाचल में कुछ ऐसे गांव हैं जो न केवल आश्चर्यजनक रूप से खूबसूरत हैं, बल्कि अपने तरीके से भी बहुत अनोखे हैं। इन गांवों में आप एकबार जाना जरूर पसंद करेंगे।

पार्वती घाटी के पुलगा में पैदल ही जा सकते हैं:
पार्वती घाटी में स्थित पुलगा एक खूबसूरत गांव है, लेकिन इस गांव में आप पैदल ही जा सकते हैं। इस गांव में वाहन चलने लायक सड़कें नहीं हैं। इसके साथ ही गांव तक पहुंचने के लिए आपको पड़ोसी गांव बरशैनी से लगभग 3 किमी की दूरी तय करनी होगी। इस गांव में घना देवदार का जंगल है। अगर आप प्रकृति के साथ कुछ समय बिताना पसंद करते हैं, तो यहां आपको एक शानदार अनुभव मिलेगा।

स्पीति घाटी के लैंगजा में भगवान बुद्ध की विशाल प्रतिमा :
लैंगजा भारत के सबसे दूरस्थ गांवों में से एक है। यहां आप बर्फ से ढके पहाड़ों की सुंदरता में डूबे बिना नहीं रह सकते हैं। यहां आपको भगवान बुद्ध की एक विशाल प्रतिमा मिलेगी, जिसे 1000 साल पुराना माना जाता है। इस प्रतिमा को देखने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक यहां पहुंचते हैं।

पार्वती घाटी के मलाना की ख्याति पूरी दुनिया में :
मलाना देश के अनोखे गांवों में से एक है। गांव का सबसे लोकप्रिय उत्पाद हशीश मलाना क्रीम है। इसकी ख्याति पूरी दुनिया में है। यह भारत के अन्य गांवों से अलग है। यहां के ग्रामीण बाहरी लोगों के साथ बातचीत करना पसंद नहीं करते हैं। हालांकि इसका मतलब यह नहीं है कि उनका व्यवहार ठीक नहीं है।

किन्नौर का कल्पा गांव प्राकृतिक सौंदय से भरा है:
कल्पा हिमाचल प्रदेश के सबसे सुंदर गांवों में से एक है। इस जगह की प्राकृतिक सुंदरता बहुत मनोरम है। पारंपरिक घर, सेब के बगीचे, चीड़ और देवदार के जंगल गांव को बहुत की खूबसूरत बनाते हैं। फोटोग्राफी के शौकीनों के लिए यह एक शानदार गांव माना जाता है।

भारत-चीन सीमा पर बसा है चितकुल गांव:
चितकुल गांव हिमाचल का रत्न माना जाता है। यह धरती पर किसी स्वर्ग से कम नहीं है। यह गांव भारत-चीन सीमा से पहले आखिरी बसा हुआ गांव है। भारी बर्फबारी के कारण आमतौर पर अक्टूबर से फरवरी तक इस गांव की सीमा बंद रहती है। गर्मियों में इस अनोखे ऊंचाई वाले गांव की यात्रा करने का सबसे अच्छा समय माना जाता है।

Comments

Latest