भारत के चंद्रयान-3 के चंद्रमा की सतह पर सफलतापूर्वक उतरने से न सिर्फ भारत के नागरिकों का बल्कि विदेशों में बसे भारतवंशी लोगों का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया है। भारत की इस ऐतिहासिक सफलता को देखते हुए भारतीय अमेरिकी उद्यमी कृष्णा शर्मा ने 'मिशन मून' को सिनेमा के सुनहले पर्दे पर उतारने का ऐलान किया है।
कृष्णा शर्मा भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) की गतिविधियों को लंबे समय से ट्रैक करती रही हैं। वह भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से खासी प्रभावित हैं। उनके संबोधन कृष्णा के लिए प्रेरणा का काम करते हैं। चंद्रयान-3 की उपलब्धि का कृष्णा ने अनोखे तरह से जश्न मनाने का फैसला किया है।

शरमन फिल्मस से जुड़ीं कृष्णा शर्मा ने साल 2020 में मिशन मून के नाम से फिल्म बनाने की एक महत्वाकांक्षी योजना शुरू की थी। हालांकि कोरोना महामारी की वजह से लगे लॉकडाउन और अन्य वजहों से इसका प्रोडक्शन टालना पड़ा था। अब कृष्णा ने इस प्रोजेक्ट को पूरा करने का बीड़ा फिर से उठाया है।
कृष्णा शर्मा ने कहा कि मिशन मून की शूटिंग जीरो ग्रैविटी में करने की योजना है। फिल्म के मूल में मिशन मून रहेगा। यह भारत की पहली फिल्मी अंतरिक्ष यात्रा साबित होगी। उन्होंने बताया कि फिल्म के कलाकारों के बारे में जल्द ही घोषणा की जाएगी।
उन्होंने बताया कि इस बात में कोई शक नहीं है कि यह फिल्म एक बड़े बजट वाली सिनेमाई करिश्मा साबित होगी। इसमें नामचीन कलाकार अंतरिक्ष में अभियान को संचालित करते नजर आएंगे। इसके लिए कलाकारों को नासा में ट्रेनिंग कराई जाएगी।