Skip to content

प्यार को परवान चढ़ाना है तो ये कुछ चुनिंदा जगहें किसी जन्नत से कम नहीं

प्रेमी जोड़ों को अक्सर मनमोहक जगहों की तलाश रहती है। कुदरती नजारों के बीच प्रेम की कहानी को आगे बढ़ाने का मज ही अलग है। अगर आपका इरादा भी ऐसा ही है तो पेश है कुछ चुनिंदा ठिकानों की सूची

प्रेमी जोड़ों के लिए शानदार ठिकाना (साभार सोशल मीडिया)

‘चलो चलें दूर कहीं, प्यार के लिए ये जगह ठीक नहीं...’ हिंदी फिल्म का यह गीत हर प्रेमी जोड़े के मन की बात कहता दिखता है। पर उनके सामने सबसे बड़ा सवाल होता है, आखिर जाएं तो कहां? कुदरत को गवाह बनाकर अगर आप भी अपनी प्रेम की कहानी आगे बढ़ाना चाहते हैं तो कैरिबिया के एकांत समुद्री तट से लेकर स्विट्जरलैंड की मनभावन झीलों तक कई ऐसे ठिकाने हैं, जो खास प्यार के पंछियों के लिए ही बने हैं!

यूनान के सेंटोरिनी द्वीप में ढलते दिन का नाजारा बेहद शानदार दिखता है। (साभार सोशल मीडिया)

सेंटोरिनी द्वीप : यूनान के इस द्वीप की सुंदरता तब और बढ़ जाती है जब इसके शीशे जैसे साफ पानी पर डूबते सूर्य की किरणें पड़ती हैं। प्रेमी जोड़ों के लिए यह बहुत सही जगह है। स्वादिष्ट भोजन और मनोरंजन के लिए भी यहां बेहतर इंतजाम हैं।

सेशेल्स : हिंद महासागर में 115 द्वीपों का एक समूह है। रोमांचक समुद्री नजारों का लुत्फ उठाना चाहते हैं, तो यह बेहतरीन जगह है। गोताखोरी, नौकायन के साथ-साथ स्थानीय संस्कृति से रूबरू होने के लिए भी यह काफी अच्छी जगह है।

कैरिबियाई द्वीप के इन इलाकों में आकर आप स्वयं को भूल जाएंगे (साभार सोशल मीडिया)

कैरिबियाई द्वीप : किसी रोमांटिक ठिकाने की तलाश करने वाले प्रेमियों के लिए यह एक शानदार जगह है। बारबेडोस के शानदार समुद्र तटों से लेकर जमैका के हरे-भरे जंगल, यहां आने वाले जोड़ों को स्वर्ग से लगते हैं। यहां गोताखोरी और तैराकी का भी आनंद लिया जा सकता है।

पैरिस : फ्रांस की राजधानी पेरिस बहुत ही प्यारा शहर है। घूमने के लिए रोमांचक जगह की तलाश करने वाले जोड़ों को यह शहर बहुत पसंद आता है। आइकॉनिक एफिल टॉवर से लेकर खूबसूरत चैंप्स-एलिसीस के अलावा भी यहां और बहुत कुछ है।

कोमो झील का पानी इतना साफ कि रंग आसमानी नजर आता है (साभार सोशल मीडिया)

कोमो झील : यह झील उत्तरी इटली में है। गजब की सुंदर है यह झील। इसके आसपास के गांव और भी ज्यादा लुभावने दृश्य पेश करते हैं। प्रेमी जोड़ों के लिए यह जगह शानदार है।

बाली : यह इंडोनेशियाई द्वीप है जहां हरे-भरे जंगल, आकर्षक समुद्र तट प्रेमी जोड़ों की बरबस ही खींच लाते हैं। यहां पर मनोरंजन के लिए बहुत सी गतिविधियां हैं। प्राकृतिक सौंदर्य से परिपूर्ण यह स्थान दिल में बस जाता है।

स्विट्जरलैंड का यह ठिकाना प्रेमी जोड़ों को क्यो न भाए! (साभार सोशल मीडिया)

स्विट्जरलैंड : पहाड़ों और सुरम्य झीलों के कारण यह स्थान प्रेमी जोड़ों के लिए स्वर्ग से कम नहीं है। मन बहलाने के लिए यहां कई तरह की गतिविधियां होती रहती हैं। ऐल्प्स में स्कीइंग का भी लुत्फ उठाया जा सकता है।

हवाई : अमेरिका का यह प्रांत पूरी तरह द्वीपों से बना है। सुंदर समुद्र तट, हरे-भरे जंगल और मनोरंजन की बहुत सारी गतिविधियां पर्यटकों को खासा लुभाती हैं। यही कारण है कि प्रेमी जोडे़ इधर का रुख करते हैं।

इटली का वेनिस शहर प्रेमी जोड़ों के लिए है खास (साभार सोशल मीडिया)

वेनिस : उत्तरी इटली में स्थित वेनिस गजब का सुंदर शहर है। यह शहर अपनी प्राकृतिक बनावट और वास्तुकला के लिए मशहूर है। प्रेमी जोड़े इस शहर की घुमावदार नहरों की सवारी करते हुए अपने प्यार को परवान चढ़ाने के लिए यहां का रुख करते हैं।

Comments

Latest