Skip to content

मिशन इम्पॉसिबल-7 में टॉम क्रूज़ के साथ दिखेंगी ये भारतवंशी अभिनेत्री

टॉम क्रूज़ इससे पहले मिशन: इम्पॉसिबल - घोस्ट प्रोटोकॉल में भारतीय फिल्म अभिनेता अनिल कपूर के साथ काम कर चुके हैं। अब मिशन इम्पॉसिबल 7 में टॉम क्रूज के साथ भारतीय मूल की अभिनेत्री इंदिरा वर्मा नजर आने वाली हैं।

टॉम क्रूज़। फोटो साभार सोशल मीडिया

हॉलीवुड सुपरस्टार टॉम क्रूज़ की मिशन इम्पॉसिबल सीरीज की सातवीं फिल्म मिशन: इम्पॉसिबल-डेड रेकनिंग पार्ट वन जल्द ही सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली है। टॉम क्रूज़, जिन्होंने हाल ही में एक साक्षात्कार में हिंदी बोलकर सभी को चौंका दिया था, अब वह अपनी आगामी फिल्म में भारतीय मूल की एक एक्ट्रेस के साथ नजर आने वाले हैं।

इंदिरा वर्मा। फोटो साभार सोशल मीडिया

टॉम क्रूज़ इससे पहले मिशन: इम्पॉसिबल - घोस्ट प्रोटोकॉल में भारतीय फिल्म अभिनेता अनिल कपूर के साथ काम कर चुके हैं। 2011 में रिलीज़ हुई इस फिल्म में अनिल कपूर ने मुंबई के एक मीडिया टाइकून ब्रिज नाथ की महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। अब मिशन इम्पॉसिबल 7 में टॉम क्रूज के साथ भारतीय मूल की अभिनेत्री इंदिरा वर्मा नजर आने वाली हैं। 49 वर्षीय इंदिरा वर्मा ने 1996 में मीरा नायर की कामसूत्र: ए टेल ऑफ लव से अभिनय की शुरुआत की थी। इस ऐतिहासिक कामुक नाटक में उन्होंने एक वेश्या (माया) की भूमिका निभाई थी।

बाथ समरसेट में जन्मी और पली-बढ़ी इंदिरा वर्मा भारतीय पिता और स्विस मूल की मां की इकलौती संतान हैं। पिता पेशे से इलस्ट्रेटर हैं तो मां ग्राफिक डिजाइनर हैं। म्यूजिकल यूथ थिएटर कंपनी की सदस्य इंदिरा वर्मा ने मनोरंजन की दुनिया में कदम रखने से पहले लंदन में रॉयल एकेडमी ऑफ ड्रामेटिक आर्ट (RADA) से स्नातक की पढ़ाई की है।

इंदिरा वर्मा ने कई लोकप्रिय अंग्रेजी नाटकों और हॉलीवुड फिल्मों में भी काम किया है। इनमें गेम ऑफ थ्रोन्स में एलारिया सैंड, बोन्स के रूप में इंस्पेक्टर केट प्रिचर्ड, लूथर के रूप में ज़ो लूथर, ब्राइड एंड प्रेजुडिस के रूप में किरण बलराज, रोम के रूप में नीओब वोरेना, कार्निवल रो के रूप में पीटी ब्रेकस्पीयर आदि प्रमुख हैं।

मिशन: इम्पॉसिबल- डेड रेकनिंग पार्ट वन के निर्माताओं ने अभी तक इंदिरा वर्मा के रोल के बारे में जानकारी नहीं दी है। इस जासूसी थ्रिलर में विंग रैम्स, साइमन पेग, रेबेका फर्ग्यूसन और वैनेसा किर्बी की वापसी भी होगी।

Comments

Latest