Skip to content

सिख मनमीत कोलन ने रचा इतिहास, US में बनीं सहायक पुलिस प्रमुख

मनमीत कोलन पिछले 15 साल से न्यू हेवन पुलिस विभाग में अफसर हैं। शुक्रवार को उन्हें शहर के सहायक पुलिस प्रमुख के रूप में शपथ दिलाई गई। मनमीत मुंबई की मूल निवासी हैं। वह 11 साल की उम्र में अपने परिवार के साथ अमेरिका आ गई थीं।

(फोटो twitter/@MayorElicker)

भारतीय मूल की सिख महिला लेफ्टिनेंट मनमीत कोलन ने अमेरिका में नई उपलब्धि हासिल की है। वह कनेक्टिकट राज्य की सहायक पुलिस प्रमुख बन गई हैं। वह इस पद पर बैठने वाली पहली एशियाई और भारतीय मूल की पहली अधिकारी हैं।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार मनमीत पिछले 15 साल से न्यू हेवन पुलिस विभाग (एनएचपीडी) में अफसर हैं। शुक्रवार को उन्हें एक समारोह में शहर के तीसरे सहायक पुलिस प्रमुख के रूप में शपथ दिलाई गई। विभाग में असिस्टेंट पुलिस चीफ का पद संभालने वाली वह दूसरी महिला हैं। पुलिस प्रमुख जैकबसन ने कोलन की बड़ाई करते हुए कहा कि वह काफी सख्त हैं लेकिन साथ में दयालु भी हैं।

मनमीत मुंबई की मूल निवासी हैं। वह 11 साल की उम्र में अपने परिवार के साथ अमेरिका आ गई थीं। डेढ़ दशक पहले पुलिस में भर्ती हुईं। मनमीत कोलन ने पुलिस में रहते हुए कई भूमिकाएं निभाई हैं। वह गश्त, पीड़ितों के लिए बनी विशेष इकाई में जासूस, डकैती व चोरी संबंधी यूनिट की निगरानी करने वाली सार्जेंट के अलावा लेफ्टिनेंट और डिस्ट्रिक्ट मैनेजर के रूप में काम किया है। हाल ही में उन्होंने आंतरिक मामलों के प्रभाग के प्रमुख की जिम्मेदारी भी संभाली है।

मनमीत ने समारोह में अपने सहयोगियों, परिवार और दोस्तों को धन्यवाद देते हुए कहा कि ज्यादा अधिकारों के साथ ज्यादा जिम्मेदारी और ज्यादा जवाबदेही भी साथ में आती है। मैं एक सिख परिवार से ताल्लुक रखती हूं। मैं पंजाबी बोलती हूं और मुझे अपनी विरासत पर बहुत गर्व है।

मनमीत ने आगे कहा कि मेरे लिए पुलिस विभाग के नैतिक मूल्य और मिशन अधिक महत्वपूर्ण हैं। मेरे लिए निष्पक्षता ही सबकुछ है। मेरी पृष्ठभूमि, मेरी नैतिकता, मेरे पारिवारिक मूल्य और परंपराएं... मुझे लगता है कि मैं इस पद पर रहते हुए बहुत कुछ कर सकती हूं।

Comments

Latest