Skip to content

भारतीय स्वाद का जादू बिखेरने वाली मधुर जाफरी को मिला ये प्रतिष्ठित अवॉर्ड

मधुर जाफरी को प्रतिष्ठित जेम्स बियर्ड लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड 2023 से सम्मानित किया गया है। यह पुरस्कार पाने वाली वह पहली दक्षिण एशियाई बन गई हैं। मधुर को अपने मशहूर कुकबुक शो के जरिये पश्चिमी दुनिया में भारतीय व्यंजनों को पेश करने का श्रेय दिया जाता है।

मधुर जाफरी (फोटो twitter @madhurjaffrey)

लजीज भारतीय व्यंजनों को पूरी दुनिया में पहचान दिलाने वाली मधुर जाफरी को प्रतिष्ठित जेम्स बियर्ड लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड 2023 से सम्मानित किया गया है। यह पुरस्कार पाने वाली वह पहली दक्षिण एशियाई बन गई हैं। यह पुरस्कार एक ऐसे शख्स को दिया जाता है जिसके काम का अमेरिकी समाज में खाने, खाना पकाने या खाने के बारे में सोचने के तरीके पर सकारात्मक और लंबे समय तक असर पड़ा है।

मधुर को अपने मशहूर कुकबुक शो के जरिये पश्चिमी दुनिया में भारतीय व्यंजनों को पेश करने का श्रेय दिया जाता है। मधुर का जन्म 1933 में दिल्ली के सिविल लाइन्स इलाके में हुआ था। दिल्ली विश्वविद्यालय में मिरांडा हाउस से स्नातक करने के बाद वह रॉयल एकेडमी ऑफ ड्रामेटिक आर्ट में अध्ययन करने के लिए इंग्लैंड चली गईं। उन्होंने 1960 के दशक में अपने अभिनय करियर की शुरुआत की। इसके साथ ही फिल्मों के माध्यम से उनको ख्याति मिली।

साल 1975 में बीबीसी के ‘द गैंगस्टर्स’ प्रोग्राम में मधुर ने अपनी भूमिका से सभी को अचंभित कर दिया। ब्रिटिश टेलीविजन धारावाहिक में प्रमुख भूमिका पाने वाली वह पहली भारतीय अभिनेत्री थीं। 'शेक्सपियर वल्लाह', 'हीट एंड डस्ट', 'सिक्स डिग्री ऑफ सेपरेशन' और 'फ्लॉलेस' जैसी फिल्मों के साथ ही उनकी ख्याति दूर दूर तक फैल गई।

हालांकि उनको वास्तविक प्रसिद्धि उनकी कुकबुक के माध्यम से मिली। दिल्ली में एक समृद्ध घर में पली-बढ़ी मधुर अपने घर में कभी रसोई में नहीं गई थीं। लेकिन उनके जीवन के सफर का यह अद्भुत संयोग रहा कि उन्हें एक ऐसी अभिनेत्री के रूप में जाना जाने लगा, जो लजीज खाना बना सकती हैं। 1966 में न्यूयॉर्क टाइम्स की एक स्टोरी में मधुर पर हेडलाइन थी, ‘भारतीय अभिनेत्री जो रसोई में भी एक स्टार है।’

मधुर ने साल 1973 में अपनी पहली किताब, ‘एन इनविटेशन टू इंडियन कुकिंग’ से दुनिया को भारत के देसी जायकों की खुशबू से रूबरू कराया। इस किताब की लोकप्रियता का अंदाजा इस बात से लगा सकते हैं कि इसे 2006 में जेम्स बियर्ड फाउंडेशन के कुकबुक हॉल ऑफ में शामिल किया गया था। उन्होंने भारतीय व्यंजनों पर 15 से अधिक किताबें लिखी हैं। उनकी किताबों का कई भाषाओं में अनुवाद किया गया है और दुनिया भर में लाखों प्रतियां बिक चुकी हैं।

मधुर इसके साथ ही कई टीवी शो का हिस्सा भी रही हैं। 1982 में यूके में प्रसारित मधुर जाफरी की इंडियन कुकरी शो ऐसे ही शो में एक है। अपने शो और अभिनय के जरिए भारत के यूके और यूएस से अच्छे सांस्कृतिक रिश्ते स्थापित करने के लिए मधुर को साल 2004 में ‘कमांडर ऑफ द ऑर्डर ऑफ ब्रिटिश एम्पायर’ भी बनाया गया था।

मधुर ने साल 1957 में प्रसिद्ध भारतीय अभिनेता सईद जाफरी से शादी की। 1966 में उनका तलाक हो गया। उनके तीन बच्चे जिया जाफरी, मीरा जाफरी और सकीना जाफरी हैं। जाफरी ने 1967 में पत्रकार फ्रांसिस विल्किंसन से शादी की और उनके दो बच्चे कैसियस और जमीला हैं।

Comments

Latest