Skip to content

चीन से सटा है भारत का 'पहला गांव' माणा, पहले कहलाता था 'आखिरी'

'माणा' उत्तराखंड के चमोली जिले में भारत-चीन सीमा पर स्थित पर बसा हुआ है। इसे पहले अंतिम भारतीय गांव के रूप में जाना जाता था लेकिन अब इसे ‘पहला भारतीय गांव’ कहा जाएगा

Photo : www.himalayandiary.com

बीते दिन भारत के उत्तराखंड राज्य स्थित चीन से सटे सीमावर्ती गांव को ‘पहला भारतीय गांव’ घोषित किया गया। यहां सीमा सड़क संगठन (BRO) ने साइनबोर्ड भी लगाया। पहले इस गांव को ‘भारत का अंतिम गांव’ कहा जाता था। हिमालय की गोद में बसा यह गांव चीन के साथ सीमा साझा करता है। इस गांव का नाम 'माणा' है।

क्यों खास है 'माणा'?

  • 'माणा' उत्तराखंड के चमोली जिले में भारत-चीन सीमा पर स्थित पर बसा हुआ है। इसे पहले अंतिम भारतीय गांव के रूप में जाना जाता था लेकिन अब इसे ‘पहला भारतीय गांव’ कहा जाएगा
  • उत्तराखंड की पर्यटन वेबसाइट के अनुसार राज्य सरकार ने 'माणा' को ‘पर्यटन गांव’ के रूप में नामित किया है।
  • यह गांव बद्रीनाथ शहर से सिर्फ 3 किमी दूर सरस्वती नदी के तट पर स्थित है जो इस गांव को क्षेत्र में सबसे अच्छा पर्यटक स्थान बनाता है।
  • यह गांव लगभग 3219 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है। गांव खूबसूरत हिमालय की पहाड़ियों से घिरा हुआ है जो मंत्रमुग्ध कर देने वाले दृश्य पेश करता है।
  • 'माणा' गांव में रहने वाले लोग मंगोल जनजाति के भोटिया समुदाय से ताल्लुक रखते हैं और छोटी-छोटी झोपड़ियों में रहते हैं जिन्हें खूबसूरती से सजाया और तराशा जाता है।
  • 'माणा' अपने ऊनी कपड़ों और सामग्रियों के लिए भी मशहूर है जो मुख्य रूप से भेड़ की ऊन से बने होते हैं। इसके अलावा गांव अपने आलू और राजमा के लिए भी पहचान बनाए हुए है।
पहले इस गांव को भारत का आखिरी गांव कहा जाता था। (Wiki Commons)

प्रधानमंत्री मोदी की कल्पना

भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ही इस सोच को रखा था जिसके बाद उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस गांव को पहला गांव बनाने का निर्णय लिया। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री कहते हैं कि मोदी के नेतृत्व में देश के सीमावर्ती क्षेत्र अधिक जीवंत हो रहे हैं और इस उद्देश्य का समर्थन करने के लिए ‘वाइब्रेंट विलेज’ कार्यक्रम शुरू किया गया है।

‘वाइब्रेंट विलेज’ योजना का उल्लेख संसद में भारत की वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण ने अपने बजट भाषा में भी किया था। ‘वाइब्रेंट विलेज’ पहल 4 राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश अरुणाचल प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, सिक्किम, उत्तराखंड और लद्दाख के 19 जिलों के 46 सीमावर्ती ब्लॉकों में मौजूद विकासशील गांवों  पर केंद्रित है। यह सभी भारत के उत्तरी सीमा पर स्थित हैं।

Comments

Latest