Skip to content

मैरीलैंड में भारतवंशी कुमार बर्वे को गर्वनर ने सौंपी यह अहम जिम्मेदारी

कुमार बर्वे 1991 में अमेरिका में राज्य विधायिका के लिए चुने गए पहले भारतीय-अमेरिकी हैं। वह साल 2015 से पर्यावरण व परिवहन समिति के अध्यक्ष और 2003-2015 से डेमोक्रेटिक हाउस मेजॉरिटी लीडर के रूप में कार्य कर रहे हैं।

कुमार बर्वे (फोटो facebook @Kumar Barve)

अमेरिका में राज्य विधायिका के लिए चुने गए पहले भारतीय-अमेरिकी कुमार बर्वे को मैरीलैंड के राज्यपाल ने लोक सेवा आयोग (Public Service Commission) में नियुक्त करने का ऐलान किया है। मैरीलैंड के गवर्नर वेस मूर ने कहा कि 64 वर्षीय बर्वे को 2023 के विधायी सत्र के बाद मैरीलैंड लोक सेवा आयोग में नियुक्त किया जाएगा। बर्वे अमेरिका के राज्य विधानमंडल के लिए जनवरी 1991 में चुने गए थे और तभी से प्रतिनिधि सभा के सदस्य हैं।

मैरीलैंड के गवर्नर वेस मूर ने कुमार बर्वे की नियुक्ति की घोषणा की है। (फोटो pixabay) 

लोक सेवा आयोग के बारे में बताएं तो यह मैरीलैंड में व्यवसाय चलाने वाली सार्वजनिक कंपनियों और कुछ यात्री परिवहन कंपनियों को नियंत्रित करता है। प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार गवर्नर मूर ने कहा कि लोक सेवा आयोग में डेलिगेट कुमार बर्वे के चयन की घोषणा करते हुए मुझे खुशी हो रही है।

डेमोक्रेट बर्वे साल 2015 से पर्यावरण व परिवहन समिति के अध्यक्ष और 2003-2015 से डेमोक्रेटिक हाउस मेजॉरिटी लीडर के रूप में कार्य कर रहे हैं। मूर ने कहा कि बर्वे को मैरीलैंड हाउस ऑफ डेलिगेट्स का अनुभव है और पर्यावरण व परिवहन समिति में भी उन्होंने काम किया है, जो उन्हें इस भूमिका के लिए आदर्श उम्मीदवार बनाता है।

विज्ञप्ति के अनुसार बर्वे की नीतिगत उपलब्धियों में आर्थिक विकास, पर्यावरण विनियमन, ऊर्जा उत्पादन, ऊर्जा संरक्षण, ग्रीनहाउस गैस में कमी और कर नीति शामिल हैं। बर्वे ने जॉर्जटाउन विश्वविद्यालय से अकाउंटिंग में बैचलर ऑफ साइंस की डिग्री प्राप्त की है। उनके पास बतौर अकाउंटेंट 40 से अधिक वर्षों का अनुभव है।

कुमार बर्वे को 2017 में लीग ऑफ कंजर्वेशन वोटर्स लेजिस्लेटर ऑफ द ईयर और 2013 में इंडिया अब्रॉड लाइफटाइम सर्विस अवार्ड सहित कई पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है।

Comments

Latest