Skip to content

अपनों को एक मंच पर लाएगा भारत का यह विशेष पोर्टल, रजिस्ट्रेशन करा लें

विदेश मंत्रालय का कहना है कि इस पोर्टल के उद्घाटन के पीछे का उद्देश्य प्रवासी भारतीयों के साथ औपचारिक संबंध बनाना नहीं बल्कि हर कदम पर उनके साथ रहना है। किसी प्रवासी भारतीय को वीजा या पासपोर्ट के बारे में कोई जानकारी चाहिए तो वह इस पोर्टल से प्राप्त कर पाएंगे।

करीब करोड़ प्रवासी भारतीयों को जोड़ने में जुटा भारत (फाइल फोटो)

भारत ने विदेश में बसे अपने 3 करोड़ नागरिकों से संपर्क साधने की दिशा में कई कदम उठाए हैं। ऐसा ही एक प्रयास है 'ग्लोबल प्रवासी रिश्ता पोर्टल।' यह पोर्टल न केवल भारत सरकार को भारतीय समुदाय से जोड़ने में मदद कर रहा है बल्कि संकट के समय उन तक मदद पहुंचाने का भी माध्यम बन रहा है। पोर्टल की शुरुआत के पीछे का मुख्य मकसद भारतीय मिशनों, विदेश मंत्रालय और प्रवासी भारतीयों के बीच तीन तरफा संचार बनाना है।

भारत अपने प्रवासियों का न केवल महत्व पहचानता है, बल्कि जरूरत के वक्त उनके साथ भी खड़ा दिखाई देता है। विदेश मंत्रालय की वेबसाइट और विभिन्न मिशनों के सोशल मीडिया हैंडल आजकल संपर्क साधने का माध्यम बने हुए हैं। लेकिन एक ऐसे प्लेटफॉर्म की जरूरत महसूस की जा रही थी जहां इन 3.12 करोड़ प्रवासी भारतीयों और भारतीय मूल के नागरिकों को एक साथ जा सके। विदेश मंत्रालय का कहना है कि इस पोर्टल के उद्घाटन के पीछे का उद्देश्य प्रवासी भारतीयों के साथ औपचारिक संबंध बनाना नहीं बल्कि हर कदम पर उनके साथ रहना है। हालांकि, इस पोर्टल से केवल प्रवासी भारतीय ही नहीं बल्कि विदेश में रह रहे भारतीय नागरिक और भारतीय छात्र भी जुड़ सकेंगे।

प्रवासियों को एक मंच पर लाने का प्रयास।

क्या आपने डाउनलोड किया है ऐप?

ग्लोबल प्रवासी रिश्ता पोर्टल के साथ ही विदेश मंत्रालय ने ऐप भी लॉन्च किया है जिसे प्ले स्टोर से डाउनलोड किया जा सकता है। उधर,  विभिन्न भारतीय मिशनों ने सोशल मीडिया हैंडल के जरिए प्रवासी भारतीयों और पीआईओ यानी भारतीय मूल के नागरिकों से अपील की है कि वे जल्द से पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन करा लें ताकि उनके लिए उपलब्ध योजनाओं का लाभ उठा सकें।

कैसे काम करेगा यह पोर्टल

अगर आपने पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन करा लिया है तो फिर आप तक मदद पहुंचना आसाना हो जाएगा। जब आप पोर्टल पर जाएंगे तो आपको होमपेज पर दो फील्ड नजर आएंगे। पहले फील्ड में आपको देश का नाम और दूसरे फील्ड में भारतीय मिशन (उच्चायोग, दूतावास, वाणिज्य दूतावास) को सेलेक्ट करना है। इनको सेलेक्ट करने के बाद आप उस देश में मौजूद भारतीय मिशन की वेबसाइट पर पहुंच जाएंगे। अगर आपको अपने वीजा या पासपोर्ट के बारे में कोई जानकारी चाहिए तो कॉन्स्युलर सेगमेंट में आपको मदद मिल जाएगी।

आपको बता दें कि अभी यह पोर्टल विकास के चरण से गुजर रहा है और इसमें कई स्तर पर काम बाकी है। इसमें सुधार इस बात निर्भर करेगा कि कितने प्रवासी भारतीय पंजीयन कराने में रुचि लेते हैं।

Comments

Latest