Skip to content

पानी पर कदमताल करने का शौक है तो ये रोमांचक जगहें आपके लिए ही हैं

फ्लोटिंग ब्रिज के ऊपर से गुजरते समय ऐसा लगता है मानो पानी पर चल रहे हैं। आप साहसी हैं और रोमांचक पल गुजारना चाहते हैं तो आइए बताते हैं इसी तरह के कुछ प्रसिद्ध ठिकानों के बारे में-

अमेरिका के सिएटल में 2,350 मीटर लंब फ्लोटिंग ब्रिज (साभार सोशल मीडिया)

मानवनिर्मित संरचनाओं में ब्रिज भी कम आकर्षक नहीं है। यहां बात हो रही है, पानी की सतह पर तैरते पुल यानी फ्लोटिंग ब्रिज की। बाढ़, युद्ध या अन्य आपदा के समय इस्तेमाल होने वाले पानी पर तैरते पोंटून ने फ्लोटिंग ब्रिज का रूप ले लिया है। पर्यटकों को भी यह भाने लगा है। फ्लोटिंग ब्रिज के ऊपर से गुजरते समय ऐसा लगता है मानो पानी पर चल रहे हैं। आप साहसी हैं और रोमांचक पल गुजारना चाहते हैं तो आइए बताते हैं इसी तरह के कुछ प्रसिद्ध ठिकानों के बारे में-

चीन का शाइजिगुअन फ्लोटिंग ब्रिज (साभार सोशल मीडिया)

शाइजिगुअन फ्लोटिंग ब्रिज, चीन
यह ब्रिज चीन के दक्षिण-पश्चिम हुबेई प्रांत के जुआन काउंटी में है। दुनिया के सबसे प्रसिद्ध पोंटून पुलों में से एक है। हरे-भरे पेड़ों और नदी से घिरे शाइजिगुअन में यह पुल देखते ही बनता है। लकड़ी के तख्ते से बना यह पुल पर्यटकों को अद्भुत अनुभव देता है।

नॉर्वे के वेस्टलैंड काउंटी में 5,295 फुट लंबा नॉर्डहॉर्डलैंड ब्रिज (साभार सोशल मीडिया)

नॉर्ड हॉर्डलैंड ब्रिज, नॉर्वे
नॉर्वे के वेस्टलैंड काउंटी में यह पुल लगभग 5,295 फुट लंबा है। यह केबल-स्टे और पोंटून पुल दोनों का संयोजन है। इसमें दो रास्ते हैं, एक  पैदल यात्री और एक साइकिल वालों के लिए। जहां पुल का हिस्सा पानी की सतह को छूता है वहां पोंटून है और जहां पुल हवा में लहराता है, वहां केबल स्टे। इस पर चलना डरवाना लेकिन मजेदार है।

वाशिंगटन का होमर एम. हैडली मेमोरियल ब्रिज (साभार सोशल मीडिया)

होमर एम. हैडली मेमोरियल ब्रिज, वाशिंगटन
यह थर्ड लेक वाशिंगटन ब्रिज के नाम से भी जाना जाता है। यह दुनिया का पांचवां सबसे लंबा तैरता हुआ पुल है। यह 1989 में बना था। इसकी लंबाई 5,811 फुट है। पुल का एक पुराना हिस्सा 1990 में नवीनीकरण और मरम्मत के दौरान डूब गया था। उस घटना के तीन साल बाद फिर से इस पुल को बनाया गया।

कनाडा का विलियम आर बेनेट ब्रिज (साभार सोशल मीडिया)

विलियम आर बेनेट ब्रिज, कनाडा
ओकनगन झील तक फैला यह ब्रिज ब्रिटिश कोलंबिया के आंतरिक भाग में केलोना और वेस्टबैंक के समुदायों को जोड़ता है। 650 मीटर का तीन लेन वाला पुल है। इसकी कुल लंबाई 1,060 मीटर है। यह पानी में तैरता है। ऊपर से चढ़ाव और ढलान अलग रोमांच देता है। सेलबोट्स जैसी लंबी नावें पुल के पूर्वी छोर पर स्थित लिफ्ट स्पैन के नीचे से गुजरने में सक्षम हैं।

भारत में केरल का कोझिकोड का बेपोर मरीना बीच फ्लोटिंग ब्रिज (साभार सोशल मीडिया)

कोझिकोड का फ्लोटिंग ब्रिज, केरल
यह भारत के केरल राज्य का पहला तैरता हुआ पुल है। इसे हाल ही में बनाया गया है। इसके जरिए साहसी लोग सचमुच लहरों पर तैरने जैसा आनंद ले सकते हैं। इसकी चौड़ाई 3 मीटर और लंबाई 100 मीटर है। अगर आप इस तरह के रोमांच के शौकीन हैं तो ये ठिकाने आपको एक अलग अहसास जरूर देंगे।

Comments

Latest