Skip to content

आयरिश ओपन में दीक्षा को बढ़त, भारतवंशी गुरलीन भी दूसरे नंबर पर

दीक्षा ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 65 की बराबरी की। उन्होंने टिपस्पोर्ट चेक लेडीज ओपन में दूसरे दौर में 65 का स्कोर किया था। ह्यूस्टन में रहने वाली 21 वर्षीय गुरलीन ने ड्रोमोलैंड कैसल गोल्फ क्लब में 6 अंडर 66 के स्कोर के साथ फ्रांस की एम्मा ग्रेची (66) के साथ संयुक्त रूप से दूसरा स्थान हासिल किया।

दीक्षा डागर। फोटो साभार सोशल मीडिया

भारतीय गोल्फर दीक्षा डागर ने आयरलैंड के डबलिन में चल रहे केपीएमजी आयरिश ओपन के पहले दिन शानदार खेल दिखाया। उन्होंने 7 अंडर 65 का स्कोर किया और एकल बढ़त हासिल की।

भारत में हरियाणा के रोहतक की रहने वाली 22 वर्षीय दीक्षा ने अपने करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 65 की बराबरी की। उन्होंने जून में टिपस्पोर्ट चेक लेडीज ओपन में दूसरे दौर में 65 का स्कोर किया था।दीक्षा एक खिताब जीत चुकी हैं और महिला ओपन में पांच बार शीर्ष 10 में जगह बना चुकी हैं। फिलहाल वह लेडीज यूरोपियन टूर के ऑर्डर ऑफ मेरिट में पांचवें स्थान पर हैं। उनका लक्ष्य मेरिट सूची में शीर्ष चार में जगह बनाना है।

दीक्षा ने कहा कि उपकरणों में कुछ बदलाव, अधिक ध्यान और अच्छे प्रदर्शन से मुझे स्कोरिंग में सुधार करने में मदद मिली और इसके नतीजे भी दिख रहे हैं। दीक्षा की तरह ही भारतीय मूल की अमेरिकी गुरलीन कौर भी बेहतरीन प्रदर्शन कर रही हैं। गुरलीन के माता-पिता भारत में पैदा हुए लेकिन अमेरिका जाकर बस गए थे।

ह्यूस्टन में रहने वाली 21 वर्षीय गुरलीन ने ड्रोमोलैंड कैसल गोल्फ क्लब में 6 अंडर 66 के स्कोर के साथ फ्रांस की एम्मा ग्रेची (66) के साथ संयुक्त रूप से दूसरा स्थान हासिल किया। रिद्धिमा दिलावरी 72 अंक के साथ संयुक्त 33वें स्थान पर हैं।

लंबे समय बाद एलईटी में खेल रही वाणी कपूर और त्वेसा मलिक ने 73-73 का स्कोर किया और संयुक्त 63वें स्थान पर हैं। अमनदीप द्राल तीन ओवर 75 का स्कोर बनाया संयुक्त 109वें स्थान पर हैं।

दीक्षा के पिता नरेंद्र डागर ने कहा कि वह अब खुलकर खेल रही है और गोल्फ का लुत्फ उठा रही है। उसने बहुत मेहनत की है और एलईटी ऑर्डर ऑफ मेरिट में पांचवें स्थान पर पहुंच गई है। उसका लक्ष्य एक और जीत के साथ अगले साल एलपीजीए में जगह बनाना है।

Comments

Latest