Skip to content

फ्लोरिडा के गवर्नर ने डैनी गायकवाड़ को यूनिवर्सिटी बोर्ड में फिर बनाया मेंबर

गवर्नर रॉन डीसांटिस ने दिग्विजय गायकवाड़ को यूनिवर्सिटी ऑफ सेंट्रल फ्लोरिडा के बोर्ड ऑफ ट्रस्टीज में फिर से नियुक्त करने की घोषणा की है। इस फैसले पर फ्लोरिडा सीनेट की मुहर लगनी बाकी है।

दिग्विजय गायकवाड़ (फोटो साभार https://www.dannygaekwad.com/

अमेरिका में फ्लोरिडा राज्य के गर्वनर रॉन डीसांटिस ने भारतीय अमेरिकी व्यवसायी और कम्यूनिटी लीडर दिग्विजय ‘डैनी’ गायकवाड़ को राज्य के प्रतिष्ठित विश्वविद्यालय के न्यासी बोर्ड में फिर से मनोनीत किया है। दिग्विजय के नाम पर फ्लोरिडा सीनेट की मुहर लगनी बाकी है।

गवर्नर कार्यालय ने एक बयान में कहा कि गवर्नर रॉन डीसांटिस ने दिग्विजय गायकवाड़ को यूनिवर्सिटी ऑफ सेंट्रल फ्लोरिडा के बोर्ड ऑफ ट्रस्टीज में फिर से नियुक्त करने की घोषणा की है। ओकाला के रहने वाले दिग्विजय गायकवाड़ NDS USA के संस्थापक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी हैं। वह डैनी जी मैनेजमेंट और डैनी डेवलपमेंट एंड इंवेस्टमेंट के भी संस्थापक हैं और डीजी हॉस्पिटैलिटी के मालिक हैं।

इससे पहले साल 2018 में फ्लोरिडा के पूर्व गर्वनर रिक स्कॉट ने दिग्विजय को यूनिवर्सिटी ऑफ सेंट्रल फ्लोरिडा के बोर्ड ऑफ ट्रस्टीज में पहली बार नियुक्त किया था। उनका कार्यकाल 2 फरवरी 2018 को शुरु हुआ था और 6 जनवरी 2023 को समाप्त हुआ।

दिग्विजय गायकवाड़ का जन्म गुजरात के बड़ौदा में हुआ है। उन्होंने बड़ौदा के महाराजा सयाजीराव विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान की डिग्री ली और फिर 1987 में संयुक्त राज्य अमेरिका चले आए। वह अपनी पत्नी मनीषा गायकवाड़ और दो बेटे करण और कुणाल गायकवाड़ के साथ ओकाला में रहते हैं।

दिग्विजय गायकवाड़ को एशियन अमेरिकन होटल ओनर्स एसोसिएशन चेयरमैन अवार्ड, 'वन मिलियन जॉब्स' सर्टिफिकेट, द लायन ऑफ द ईयर अवार्ड, लीडर्स लीडर अवार्ड और ग्लोरियस इंडिया चेयरमैन अवार्ड सहित कई पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है।

Comments

Latest