Skip to content

मानसून में सुपरफूड है देसी भुट्टा, इन गुणों से है लैस, खाइए और सेहत चमकाइए

मानसून में मौसम सुहाना होता है और तपती गर्मी से राहत मिलती है लेकिन मौसम में यह बदलाव अपने साथ कई स्वास्थ्य से संबंधित समस्याएं लाता है।

Photo by Prasad SN / Unsplash

भारत में मानसून का मौसम चल रहा है और दोस्तों या परिवार के साथ बैठकर चाय की चुस्कियां लेने और पकोड़े खाने का यह बेहतरीन समय है। लेकिन इस दौरान अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखना भी बहुत जरूरी होता है। मानसून में मौसम सुहाना होता है और तपती गर्मी से राहत मिलती है लेकिन मौसम में यह बदलाव अपने साथ कई स्वास्थ्य से संबंधित समस्याएं लाता है।

इस दौरान जरा सी भी असावधानी से आप मौसमी फ्लू, एलर्जी या सर्दी-जुकाम के शिकार हो सकते हैं। ऐसे में अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखने के लिए आप कई तरीके अपना सकते हैं और पोषक आहार इनमें बहुत आवश्यक है। मानसून के समय में देसी भुट्टा (Desi Corn) को भी अपने भोजन में शामिल करिए और अपनी इम्यूनिटी को नई ताकत दीजिए।

उल्लेखनीय है कि देसी भुट्टे में विटामिन बी और फोलिक एसिड प्रचुर मात्रा में पाया जाता है जो हमारे बालों के लिए बहुत फायदेमंद होता है और इन्हें सफेद होने से रोकता है। इसके साथ ही इनमें फाइबर भी खूब होता है जो कब्ज जैसी दिक्कतों को दूर करता है। विशेषज्ञों के अनुसार देसी भुट्टे का सेवन शरीर के ब्लड ग्लूकोज लेवल को भी संतुलित रखने में मदद करता है।

आयुर्वेद में भी भुट्टे के महत्व का उल्लेख किया गया है। इसके अनुसार भुट्टे की विशेषता है कि इसे पकाने के बाद इसके पौष्टिक गुण और बढ़ जाते हैं। बता दें कि पके हुए भुट्टे में पाया जाने वाला कैरोटीनॉयड विटामिन ए का बहुत अच्छा स्रोत है। यह शरीर में पित्त को खत्म करता है। भुट्टे को पकाने के बाद उसके एंटी-ऑक्सीडेंट्स 50 फीसदी तक बढ़ जाते हैं। यह कैंसर से लड़ने में भी मददगार होता है।

सेलिब्रिटी न्यूट्रिशनिस्ट रुजाता दिवेकर बताती हैं कि देसी भुट्टे को कई तरीके से अपने भोजन में शामिल किया जा सकता है। इसे भून कर, उबाल कर खाया जा सकता है। इसके अलावा भारत के देसी स्टाइल में भुने भुट्टे पर नमक और नींबू लगाकर खाने पर इसका अलग ही आता है। भुट्टे के अलावा मानसून के मौसम में अच्छे स्वास्थ्य के लिए सत्तू का सेवन भी किया जा सकता है।

भुट्टे के दानों में मैग्नीशियम, आयरन, कॉपर और फास्फोरस पाया जाता है। यह हड्डियों को मजबूत करता है। दांतों को स्वस्थ रखने और एनीमिया को दूर करने के लिए भी इसका सेवन बहुत फायदा पहुंचाता है। भुट्टा दिल की बीमारियों को दूर करने में भी मदद करता है और कोलेस्ट्रॉल के लेवल को नियंत्रण में रखता है। गर्भवती महिलाओं को भी इसका सेवन करना चाहिए।

Comments

Latest