Skip to content

राष्ट्रपति चुनावः अनूठे विचारों से लोकप्रिय हो रहे विवेक रामास्वामी

विवेक रामास्वामी अपने तीखे बयानों और अनोखे विचारों की वजह से मजबूत उम्मीदवार के तौर पर उभर रहे हैं। अब तीसरे नंबर के कैंडिडेट बन गए हैं। हिंदू परिवार से ताल्लुक रखने वाले विवेक अमेरिका में वोट देने की उम्र बढ़ाकर 25 साल करना चाहते हैं।

विवेक रामास्वामी। फोटो फेसब

अमेरिका में अगले साल होने वाले राष्ट्रपति चुनाव के लिए दावेदारी हासिल करने के लिए 17 उम्मीदवार मैदान में आ चुके हैं। भारतीय मूल के कई नेता भी किस्मत आजमा रहे हैं।
इन्हीं में से एक हैं विवेक रामास्वामी। विवेक अपने तीखे बयानों और अनोखे विचारों की वजह से मजबूत उम्मीदवार के तौर पर उभर रहे हैं। अब तीसरे नंबर के कैंडिडेट बन गए हैं।

विवेक हालांकि अभी अपने प्रमुख प्रतिद्वंदी और रिपब्लिकन पार्टी की तरफ से राष्ट्रपति पद से सबसे तगड़े उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप से बहुत पीछे हैं लेकिन हाल के समय में उनकी लोकप्रियता में जबरदस्त उछाल आया है। अरबपति उद्यमी विवेक रामास्वामी अपने कैंपेन पर भारी रकम खर्च कर रहे हैं। विवेक से आगे डोनाल्ड ट्रंप और फ्लोरिडा के गवर्नर रोन डेसेंटिस ही हैं। रामास्वामी अमेरिका में वॉक संस्कृति के कट्टर आलोचक बनकर उभरे हैं। रामास्वामी की लिखी किताब 'वॉक इंक' न्यूयॉर्क टाइम्स की लिस्ट की बेस्ट सेलिंग किताबों में से एक है।

38 वर्षीय विवेक रामास्वामी अपने अनूठे विचारों के लिए छाए हुए हैं। उनका मानना है कि जलवायु परिवर्तन जैसी कोई चीज नहीं है। इसी वजह से वह अमेरिका की अर्थव्यवस्था को बढ़ाने के लिए ज्यादा से ज्यादा कोयले के इस्तेमाल की वकालत करते हैं। विवेक अमेरिका फर्स्ट एजेंडे को आगे बढ़ाने की जोरदार पैरवी करते है। वह इसे ट्रंप से भी आगे ले जाने की बात कहते हैं। वह कहते हैं कि अमेरिका के सामने इस वक्त राष्ट्रीय पहचान का संकट है। वह देश के समलैंगिकों के मसले अभिजात्य वर्ग पर सांस्कृतिक कैंसर को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हैं।

हिंदू परिवार से ताल्लुक रखने वाले विवेक अमेरिका में वोट देने की उम्र बढ़ाकर 25 साल करना चाहते हैं। यही नहीं यूएस सेंट्रल बैंक और न्याय विभाग के 90 प्रतिशत स्टाफ को नौकरी से निकालने की पैरवी भी कर चुके हैं। विवेक के माता-पिता भारत से अमेरिका पहुंचे थे। हावर्ड में पढ़े विवेक रामास्वामी ने एक बायोटेक कंपनी बनाई और आज उनकी संपत्ति 600 मिलियन डॉलर से भी ज्यादा है। खुद डोनाल्ड ट्रंप भी रामास्वामी की तारीफ कर चुके हैं।

Comments

Latest