Skip to content

अर्जुन गुप्ता की अगुआई में 'आसमान छुएंगे' अमेरिका के छोटे कारोबारी

बाइडेन प्रशासन में करीब 3 करोड़ छोटे व्यवसायों का प्रतिनिधित्व करने वाले अमेरिकी स्मॉल बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन ने अर्जुन गुप्ता की अगुआई में 14 सदस्यीय आईसीएसी की घोषणा की है। अर्जुन गुप्ता उन 14 सदस्यों में से हैं जोछोटे व्यवसायों के लिए अधिक समावेशी और सुलभ इकोसिस्टम बनाने में प्रशासन को सलाह देंगे।

अर्जुन गुप्ता। फोटो फेसबुक

भारतीय अमेरिकी अर्जुन गुप्ता को हाल ही में गठित संघीय निवेश पूंजी सलाहकार समिति (ICAC) का अध्यक्ष नामित किया गया है। गुप्ता पूंजी फर्म टेलीसॉफ्ट पार्टनर्स के संस्थापक और मुख्य विश्वासकर्ता हैं।

अर्जुन गुप्ता को आईसीएसी का अध्यक्ष नामित किया गया है। फोटो फेसबुक

बाइडेन प्रशासन में करीब 3 करोड़ छोटे व्यवसायों का प्रतिनिधित्व करने वाले अमेरिकी स्मॉल बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन (SBA) ने 14 सदस्यीय आईसीएसी की घोषणा की है। लघु व्यवसाय प्रशासन के प्रमुख कैसिलस गुजमैन ने घोषणा करते हुए बताया कि अर्जुन गुप्ता उन 14 सदस्यों में से हैं जो पूरे अमेरिका में छोटे व्यवसायों के लिए अधिक समावेशी और सुलभ इकोसिस्टम बनाने में प्रशासन को सलाह देंगे।

एसबीए ने कहा कि इस समिति का मुख्य उद्देश्य अमेरिका के छोटे व्यवसायों और स्टार्टअप्स को वित्तपोषित करने वाले निजी फंडों के इकोसिस्टम को बढ़ावा देना, विस्तार करना और मजबूत करना है ताकि पारंपरिक रूप से वंचित समुदायों के उद्यमियों और छोटे व्यवसाय मालिकों को मदद मिल सके।

अर्जुन गुप्ता के बारे में बताएं तो पिछले दो दशकों में उन्होंने 60 से अधिक निजी कंपनियों में निवेश और निर्माण में मदद की है। टेलीसॉफ्ट में अपनी वर्तमान भूमिका में उन्होंने 625 मिलियन डॉलर से अधिक की पूंजी प्रतिबद्धताएं जुटाई हैं और कई कॉर्पोरेट साझेदारियां स्थापित की हैं।

अर्जुन गुप्ता कैलिएंट टेक्नोलॉजीज, नेक्सेंट और वैलिडिटी सेंसर्स के बोर्ड में कार्यरत हैं और एजी कम्युनिटी फाउंडेशन के अध्यक्ष भी हैं जिसे उन्होंने 2001 में लॉन्च किया था। करियर की शुरुआत में वह मैकिन्से एंड कंपनी में रणनीति सलाहकार और टेक्ट्रोनिक्स में सॉफ्टवेयर इंजीनियर थे।

उन्होंने दिल्ली के सेंट स्टीफंस कॉलेज से अर्थशास्त्र में बीए (ऑनर्स), एमएस और बीएस किया है। इसके बाद वाशिंगटन स्टेट यूनिवर्सिटी से कंप्यूटर साइंस में और स्टैनफोर्ड से एमबीए किया। वह हेनरी क्राउन फेलो के 2001 वर्ग के सदस्य और एस्पेन इंस्टीट्यूट के ट्रस्टी हैं।

अर्जुन गुप्ता भारतीय पर्वतारोहण फाउंडेशन के संपर्क अधिकारी भी रहे हैं। वह छह हिमालयी अभियानों के तहत 20,000 फीट से अधिक ऊंची चोटियों पर चढ़ चुके हैं। वह उत्तरी ध्रुव और दक्षिणी ध्रुव की 100वीं वर्षगांठ पर आयोजित स्की अभियानों के सदस्य भी थे। गुप्ता को अमेरिका के एक्सप्लोरर क्लब और यूके की रॉयल ज्योग्राफिक सोसाइटी का फेलो भी चुना जा चुका है। संयुक्त राष्ट्र के एफएओ ने अर्जुन को यूएन माउंटेन पार्टनरशिप एम्बेसडर नियुक्त किया था।

Comments

Latest