Skip to content

2023-24 के लिए AAPI ने चुने ये दिग्गज, डॉ. अंजलि को बनाया गया अध्यक्ष

AAPI के वर्तमान अध्यक्ष डॉ. कोल्ली ने इलेक्ट्रॉनिक मतदान प्रक्रिया में मतदान करने वालों को धन्यवाद दिया और नए नेतृत्व को एक नई, विविध, संतुलित और अनुभवी टीम के रूप में वर्णित किया। डॉ. रवि कोल्ली AAPI के पूर्व अध्यक्ष के रूप में AAPI का मार्गदर्शन करना जारी रखेंगे।

Photo : AAPI

अमेरिका में चिकित्सा पेशेवरों के सबसे बड़े जातीय संगठन अमेरिकन एसोसिएशन ऑफ फिजिशियन ऑफ इंडियन ओरिजिन (AAPI) ने 16 अप्रैल को अपने नए नेतृत्व की घोषणा की है। AAPI की अध्यक्ष का पद डॉ. अंजलि समद्दर संभालेंगी। उपाध्यक्ष के तौर पर डॉ. अमित चक्रवर्ती होंगे। वहीं सचिव के लिए डॉ. सुमुल रावल और कोषाध्यक्ष के लिए डॉ. श्रीनी गंगासानी नियुक्त किए गए हैं।

Photo : AAPI

बोर्ड ऑफ ट्रस्टी में तीन साल की अवधि के लिए डॉ. श्यामला एर्रामिल्ली, डॉ. हेतल गोर और डॉ. महेंद्र माहेश्वरी को चुना गया है। इसके अलावा दक्षिण पश्चिम मध्य क्षेत्रीय निदेशक के लिए डॉ. विजय गुनगंती और दक्षिण पूर्व मध्य क्षेत्र निदेशक के लिए डॉ. अनुराधा मान नियुक्त की गई हैं।

AAPI के वर्तमान अध्यक्ष डॉ. रवि कोल्ली, मुख्य चुनाव अधिकारी डॉ. कुसुम पंजाबी और AAPI के पिछले बीओटी अध्यक्ष ने संयुक्त रूप से शिकागो में जानकारी देते हुए बताया कि डॉ. अशोक जैन, डॉ. सुनीता कनुमुरी, डॉ. शरद लखनपाल और डॉ. शशि शाह ने बतौर चुनाव अधिकारी भूमिका निभाई। जबकि AAPI के सदस्यों ने रिकॉर्ड संख्या में इस लोकतांत्रिक चुनाव प्रक्रिया में भाग लिया। डॉ. कोल्ली ने इलेक्ट्रॉनिक मतदान प्रक्रिया में मतदान करने वालों को धन्यवाद दिया और नए नेतृत्व को एक नई, विविध, संतुलित और अनुभवी टीम के रूप में वर्णित किया।

AAPI के अध्यक्ष का पद संभालने वाली डॉ. अंजना समद्दर ने कहा कि AAPI के अध्यक्ष के रूप में मैं अपनी नई टीम को वित्तीय वर्ष 2023-24 के लिए बधाई देना चाहती हूं। मैं बहुत सम्मानित महसूस कर रही हूं। मैं समर्पित, मेहनती, वफादार अधिकारियों और कार्यकारी समिति के सदस्यों की एक उत्कृष्ट टीम के सहयोग से चार दशक पुराने मजबूत संगठन का नेतृत्व करने की जिम्मेदारी के लिए खुद को भाग्यशाली मानती हूं। मुझे AAPI को नई ऊंचाइयों पर लेकर जाना है। बता दें कि डॉ. समद्दर AAPI  के 41 साल के लंबे इतिहास में अध्यक्ष का पद संभालने वाली 5वीं महिला हैं। डॉ. रवि कोल्ली AAPI के पूर्व अध्यक्ष के रूप में AAPI का मार्गदर्शन करना जारी रखेंगे।

साल 2023-24 के लिए AAPI बोर्ड ऑफ ट्रस्टीज के अध्यक्ष के रूप में काम करने वाले डॉ. लोकेश एडारा कहते हैं कि बीओटी अध्यक्ष के रूप में मैं एएपीआई के लक्ष्यों और मिशन को मजबूत करने की दिशा में काम करने और AAPI को अमेरिका और वैश्विक स्तर पर एक हेल्थकेयर लीडर बनाने में मदद करने के लिए उत्सुक हूं।

कार्यकारी समिति के नव निर्वाचित नेताओं को बधाई देते हुए 2023-24 में निर्वाचित अध्यक्ष डॉ. कठुला ने एक बयान में कहा कि मैं चुनाव के सभी विजेताओं को बधाई देना चाहता हूं। मैं विशेष रूप से सभी उम्मीदवारों को AAPI की सेवा करने के उनके जुनून और समर्पण के लिए धन्यवाद देना चाहता हूं।

ऐसे ही AAPI के अगले उपाध्यक्ष का चुनाव जीतने वाले डॉ. अमित चक्रवर्ती ने उन्हें वोट देने वालों को धन्यवाद दिया और कहा कि वह AAPI के लक्ष्यों को पूरा करने के लिए अपनी पूरी क्षमता से काम करेंगे।

Comments

Latest