मिस्र में भारतीय समुदाय के सदस्यों ने नरेंद्र मोदी की भरपूर प्रशंसा की और उन्हें 'भारत का नायक' बताया। दरअसल 26 वर्षों में मोदी पहले ऐसे प्रधानमंत्री हैं जिन्होंने इस मध्य पूर्व देश की यात्रा की है। राष्ट्रपति जो बाइडेन के निमंत्रण पर अमेरिका की एक हाई-प्रोफाइल राजकीय यात्रा के समापन के बाद शनिवार को मोदी मिस्र पहुंचे थे।

मिस्र पहुंचने के बाद रिट्ज कार्लटन होटल में उनका जोरदार स्वागत किया गया जहां उन्होंने अलग-अलग समूहों में भारतीय प्रवासियों के साथ बातचीत की। अधिकांश सदस्यों ने अमेरिकी कांग्रेस में मोदी के ऐतिहासिक संबोधन और उनके नेतृत्व में देश की आर्थिक प्रगति की सराहना की।
تأثرت بشدة بالترحيب الحار من جانب أبناء الجالية الهندية في مصر. إن دعمهم وعاطفتهم يجسدان حقًا الروابط الخالدة بين دولنا. وكان من الأمر الملفت كذلك ارتداء أبناء مصر الأزياء الهندية .إن الامر يمثل حقا احتفاء بروابطنا الثقافية المشتركة. pic.twitter.com/bVCiQMuxol
— Narendra Modi (@narendramodi) June 24, 2023
प्रवासी भारतीयों के एक सदस्य ने मोदी से कहा कि 'आप भारत के नायक हैं'। इस पर मोदी ने जवाब दिया कि विदेशों में रहने वाले प्रत्येक भारतीय के प्रयासों ने देश की सफलता में योगदान दिया है। मोदी ने कहा कि सारा हिंदुस्तान सबका हीरो है। देश के लोग मेहनत करते हैं और देश की तरक्की होती है। मोदी ने कहा कि यह आपकी कड़ी मेहनत का नतीजा है। आपकी भक्ति रंग ला रही है। आपकी तपस्या काम कर रही है। मोदी ने बोहरा समुदाय के सदस्यों से भी मुलाकात की।
प्रधानमंत्री मोदी के होटल में पहुंचते वक्त भारतीय समुदाय की एक महिला ने साड़ी पहने बॉलीवुड की फिल्म 'शोले' के लोकप्रिय गीत 'ये दोस्ती हम नहीं तोड़ेंगे' गाकर मोदी का स्वागत किया। महिला का नाम जेना था और प्रधानमंत्री मोदी उनकी प्रस्तुति से प्रभावित हुए क्योंकि जेना ने बताया था कि वह बहुत कम हिंदी जानती हैं और कभी भारत नहीं गईं। मोदी ने कहा कि किसी को पता भी नहीं चलेगा कि आप मिस्र की बेटी हो या हिंदुस्तान की हो। प्रधानमंत्री ने कहा कि मिस्र में भारतीय प्रवासियों के गर्मजोशी से स्वागत से बहुत प्रभावित हूं।
بتواضع كبير أقبل "قلادة النيل". وأشكر حكومة وشعب مصر على هذا التكريم الذي يدل على دفء المشاعر والمودة التي يكنونها تجاه الهند وشعب أمتنا. pic.twitter.com/gZcpzaOQCW
— Narendra Modi (@narendramodi) June 25, 2023
बता दें कि मोदी मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सिसी के निमंत्रण पर मिस्र पहुंचे थे। उनके सम्मान में मिस्र के प्रधानमंत्री मुस्तफा मैडबौली ने हवाई अड्डे पर जाकर स्वागत किया था। मोदी को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इतना ही नहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सिसी ने काहिरा में 'ऑर्डर ऑफ द नाइल' पुरस्कार से सम्मानित किया है। 'ऑर्डर ऑफ द नाइल' मिस्र का सर्वोच्च राजकीय सम्मान है।
अपनी इस यात्रा में मोदी ने 11वीं सदी की अल-हकीम मस्जिद का भी दौरा किया था जिसे दाऊदी बोहरा समुदाय की सहायता से पुनर्निर्मित किया गया था। प्रधानमंत्री मोदी हेलियोपोलिस युद्ध कब्रिस्तान भी पहुंचे थे। यह उन 3,799 भारतीय सैनिकों को समर्पित है जिन्होंने मिस्र में प्रथम विश्व युद्ध के विभिन्न संघर्षों में अपनी जान गंवा दी थी।
#India #Egypt #Narendramodi #Indiancommunity #Indiandiaspora #Diasporanews #IndianinEgypt #Bohracommunity #IndiaAbroad #NewIndiaAbroad