Skip to content

UN में योग: मोदी के साथ योगासन करते दिखाई देंगे अध्यक्ष साबा कोरोसी

यह योग सत्र संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय के नॉर्थ लॉन में आयोजित किया जाएगा जहां महात्मा गांधी की एक प्रतिमा स्थापित की गई है जो भारत की ओर से संयुक्त राष्ट्र को बतौर उपहार भेंट की गई थी। सत्र 21 जून को सुबह 8 बजे से 9 बजे तक होगा।

आगामी 21 जून को 9वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहली बार संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय पर योग सत्र की अगुवाई करेंगे। खास बात यह भी है कि मोदी के साथ इस सत्र के दौरान संयुक्त राष्ट्र महासभा के 77वें सत्र के अध्यक्ष साबा कोरोसी भी साथ होंगे। आज उन्होंने ट्विटर के माध्यम से योग सत्र में भाग लेने के लिए अपना उत्साह भी व्यक्त किया है।

संयुक्त राष्ट्र महासभा के 77वें सत्र के अध्यक्ष साबा कोरोसी के साथ पीएम मोदी। फोटो साभार: @UN_PGA

यह योग सत्र संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय के नॉर्थ लॉन में आयोजित किया जाएगा जहां महात्मा गांधी की एक प्रतिमा स्थापित की गई है, जो भारत की ओर से संयुक्त राष्ट्र को बतौर उपहार भेंट की गई थी। इस ऐतिहासिक योग सत्र में संयुक्त राष्ट्र के शीर्ष अधिकारियों, राजदूतों, दूतों, सदस्य राज्यों के प्रतिनिधियों, और वैश्विक और प्रवासी समुदाय के प्रमुख सदस्यों सहित सम्मानित उपस्थित लोगों के आने की उम्मीद है। सत्र 21 जून को सुबह 8 बजे से 9 बजे तक होगा।

उपस्थित लोगों को योग के अनुकूल पोशाक पहनने के लिए प्रोत्साहित किया गया है और सत्र के दौरान सभी को योग मैट भी प्रदान किए जाएंगे। संयुक्त राष्ट्र महासभा के 77वें सत्र के अध्यक्ष साबा कोरोसी ने गुरुवार को ट्वीट कर UNHQ नॉर्थ लॉन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ 9वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस समारोह में भाग लेने के लिए उत्साह व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मैं अगले सप्ताह UNHQ नॉर्थ लॉन में प्रधानमंत्री मोदी के साथ 9वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस समारोह में भाग लेने के लिए उत्सुक हूं।

इस पर प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि UNHQ में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस समारोह में आपसे मिलने के लिए उत्सुक हूं। आपकी भागीदारी इस कार्यक्रम को और भी खास बनाती है। योग अच्छे स्वास्थ्य और कल्याण को आगे बढ़ाने की दिशा में दुनिया को एक साथ लाता है। यह विश्व स्तर पर और अधिक लोकप्रिय हो सकता है।

बता दें कि पहला अंतरराष्ट्रीय योग दिवस वर्ष 2015 में मनाया गया था और तब से यह दुनिया भर में हर साल मनाया जाता है। संयुक्त राष्ट्र योग को भारत में उत्पन्न होने वाली एक प्राचीन प्रथा के रूप में स्वीकार करता है, जिसमें शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक आयाम शामिल हैं। संस्कृत से लिया गया शब्द 'योग' शरीर और चेतना के मिलन को दर्शाता है। आज योग ने भारत की सीमाओं को पार करते हुए दुनिया भर में लोकप्रियता हासिल की है। यह संतुलन, आत्म-जागरूकता और समग्र कल्याण प्राप्त करने के साधन के रूप में पहचाना जाता है।

गौरतलब है कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की स्थापना भारत द्वारा प्रस्तावित एक संकल्प के माध्यम से संभव हो पाई थी। इसे संयुक्त राष्ट्र में 175 सदस्य देशों द्वारा समर्थन दिया गया था। इसके पीछे भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ही विजन था। प्रधानमंत्री मोदी ने महासभा के 69वें सत्र के दौरान अपने संबोधन में योग की समग्र प्रकृति पर प्रकाश डाला था और इसे एकता और अच्छे स्वास्थ्य से जोड़ते हुए इसकी भूमिका पर बल दिया था।

#Yoga #Internationalyogaday #Yogaday #21June2023 #Narendermodi #ModiinUSA #USA #UNHQ #UnitedNations

Comments

Latest