उत्तर प्रदेश में सहारनपुर जिले के गांव की एक महिला ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और विदेश मंत्री एस जयशंकर से अपने पति का शव विदेश से भारत मंगवाने के लिए गुहार लगाई है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी है। महिला के पति का बीमारी के चलते दक्षिण अफ्रीका में देहांत हो गया था।
सहारनपुर के पुलिस अधीक्षक (देहात) सूरज राय ने समाचार एजेंसी पीटीआई को बताया कि संगीता शर्मा नाम की यह महिला उत्तर प्रदेश के भायला गांव की रहने वाली है। उसने प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री के नाम लिखी चिट्ठी में बताया है कि उसके पास इतने पैसे नहीं हैं कि वह अपने पति मनोज कुमार का शव दक्षिण अफ्रीका से अपने गांव मंगवा सके।