अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन के अगले साल जनवरी में भारत आने की संभावना नहीं है। भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस साल की शुरुआत में बाइडेन को 26 जनवरी 2024 को होने वाले गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि बनने के लिए आमंत्रित किया था।
राष्ट्रपति बाइडेन की यात्रा टलने के कारण भारत में जनवरी में होने वाली क्वाड समिट को भी स्थगित किया जा रहा है। अधिकारी अब इसके लिए संशोधित तारीखों की तलाश कर रहे हैं। सूत्रों के हवाले से आई खबरों में कहा गया है कि अब क्वाड शिखर सम्मेलन अगले साल के अंत में आयोजित किया जा सकता है।
भारत में अमेरिका के राजदूत एरिक गार्सेटी ने सितंबर में बताया था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस समारोह के लिए मुख्य अतिथि के रूप में अमेरिकी राष्ट्रपति बाइडेन को आमंत्रित किया था। हालांकि अभी तक बाइडेन की यात्रा टलने की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। न ही इसके पीछे की वजहों के बारे में कुछ कहा गया है।
बाइडेन के भारत न आने की खबर ऐसे समय आई है, जब खालिस्तानी अलगाववादी गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की कथित साजिश में भारतीय नागरिक पर अमेरिका में गंभीर आरोप लगाए गए हैं। बाइडेन प्रशासन के जोर देने पर भारत सरकार ने पूरे मामले की जांच के लिए समिति भी गठित कर दी है। संभवतः इसी मामले पर चर्चा करने के लिए एफबीआई डायरेक्टर क्रिस्टोफर रे उच्चस्तरीय दल के साथ इस वक्त भारत में हैं।
अगर राष्ट्रपति बाइडेन ने भारत यात्रा का निमंत्रण स्वीकार कर लिया होता तो क्वाड की बैठक 27 जनवरी के आसपास होने की उम्मीद थी। लेकिन अब 2024 के उत्तरार्ध में ही इसका आयोजन हो सकेगा।
दरअसल, भारत में अप्रैल-मई के बीच लोकसभा चुनाव होने हैं। भारतीय नेता इस चुनाव में व्यस्त रहेंगे। इसी चुनाव में तय होगा कि भारत का अगला प्रधानमंत्री कौन होगा। इधर, अमेरिका में राष्ट्रपति चुनाव महीनों की कवायद के बाद नवंबर 2024 की शुरुआत में होने प्रस्तावित हैं।
इसी वजह से कहा जा रहा है कि मार्च के बाद क्वाड शिखर सम्मेलन का आयोजन भारत और अमेरिका दोनों के लिए असुविधाजनक हो सकता है। भारत ने इन्हीं व्यस्तताओं को देखते हुए सदस्य देशों को जनवरी के अंत में क्वाड नेताओं की मेजबानी करने की इच्छा जताई थी।