भारतीय-अमेरिकी रिपब्लिकन राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार विवेक रामास्वामी ने चीन और ताइवान पर अमेरिका की आर्थिक निर्भरता को कम करने के लिए भारत, दक्षिण कोरिया और जापान के साथ मजबूत संबंधों का आह्वान किया है। बता दें कि पिछले हफ्ते हुई रिपब्लिकन राष्ट्रपति पद की प्राथमिक बहस के बाद 38 साल के रामास्वामी की मतदान संख्या में वृद्धि हुई है।
रामास्वामी ने अपनी योजनाओं और विदेश नीति को लेकर अपने विचार रखते हुए कहा कि हम भारत के साथ एक मजबूत साझेदारी करेंगे। ताइवान के साथ निकट भविष्य में संघर्ष की स्थिति में भारत की मलक्का जलडमबरूमध्य को बंद करने की प्रतिबद्धता इसका मुख्य कारण है।
उद्यमी से राजनेता बने रामास्वामी ने कहा कि वह रणनीतिक स्पष्टता के पक्षधर हैं और इस बात की वकालत करते हैं कि जब तक अमेरिका सेमीकंडक्टर स्वतंत्रता हासिल नहीं कर लेता तब तक अमेरिका को ताइवान की सख्ती से रक्षा करनी चाहिए। इसके अलावा चीन और ताइवान पर आर्थिक निर्भरता को कम करने के लिए हम दक्षिण कोरिया और जापान के साथ मजबूत साझेदारी करेंगे।
रामास्वामी ने कहा कि अमेरिकी जीवन शैली ताइवान में निर्मित अग्रणी अर्धचालकों पर निर्भर करती है और हम चीन को पूरी अमेरिकी अर्थव्यवस्था पर लगभग पूर्ण लाभ उठाने का जोखिम नहीं उठा सकते हैं।
रामास्वामी ने एजेंसी के पत्रकार के साथ बातचीत के दौरान अन्य भारतीय-अमेरिकी रिपब्लिकन राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार निक्की हेली पर हमला किया है। दरअसल निक्की हेली ने विदेश नीति के मुद्दों पर रामास्वामी की अनुभवहीनता के लिए उनकी आलोचना की थी।