गैर-आप्रवासी वीजा के लिए भारत की राजधानी नई दिल्ली स्थित अमेरिकी दूतावास ने कुल 2,50,000 नए अपाइंटमेंट खोले हैं। इसी के साथ एक ताजा जानकारी यह भी आई है कि नई दिल्ली में वीजा का प्रतीक्षा समय पिछले सप्ताह के 543 दिनों से घटकर एक महीने से कुछ ही अधिक रह गया है।
अमेरिकी दूतावास ने एक्स पर एक पोस्ट करते हुए बताया कि यह सप्ताह हमारी कांसुलर टीम के लिए व्यस्त रहा। हमने ढाई लाख से अधिक गैर-आप्रवासी वीजा नियुक्तियां खोलीं हैं।
It was a busy weekend for our consular team! Over the weekend we opened over a quarter million nonimmigrant visa appointments!
— U.S. Embassy India (@USAndIndia) November 1, 2023
Book yours today at https://t.co/SbQkOpI9vq #HereToServe
मिली जानकारी के अनुसार अब नई दिल्ली में प्रतीक्षा समय पिछले सप्ताह के 543 दिनों से घटकर एक महीने से कुछ अधिक रह गया है। कोलकाता में प्रतीक्षा समय अब घटकर 126 दिन रह गया है। हालांकि मुंबई, चेन्नई और हैदराबाद में प्रतीक्षा समय अभी भी 500 दिनों से अधिक है।
अमेरिकी वाणिज्य विभाग के अंतरराष्ट्रीय व्यापार प्रशासन के आंकड़ों के अनुसार सितंबर 2023 तक 1,50,000 से अधिक भारतीयों ने संयुक्त राज्य अमेरिका की यात्रा की है। भारत में संयुक्त राज्य अमेरिका मिशन ने पिछले महीने वर्ष के लिए दस लाख गैर-आप्रवासी वीजा आवेदनों का एक मील का पत्थर हासिल किया था। यह 2019 में संसाधित संख्या से 20% की वृद्धि दर्शाता है।
भारत में अमेरिकी दूतावास और वाणिज्य दूतावास के अनुसार पिछले साल 12 लाख से अधिक भारतीयों ने संयुक्त राज्य अमेरिका का दौरा किया था। यह आंकड़ा दुनिया में सबसे अधिक था। यह भारत और अमेरिका के बीच मजबूत संबंधों को भी दर्शाता है।
दूतावास के एक बयान में कहा था कि अब दुनिया भर में सभी वीजा आवेदकों में से 10% से अधिक भारतीय हैं। छात्र वीजा आवेदकों की बात करें तो इसमें भारतीयों का हिस्सा 20% है। H & L श्रेणी यानी रोजगार आधारित वीजा आवेदकों में भारतीयों की हिस्सेदारी 65% है। संयुक्त राज्य अमेरिका इस वृद्धि का स्वागत करता है।