Skip to content

महिलाओं के स्वास्थ्य के लिए आयुर्वेद कितना जरूरी, विशेषज्ञों ने बताया

इंडियन अमेरिकन फोरम द्वारा रीनबो मीडिया के साथ मिलकर आयोजित विशेष वेबिनार में वैद्य वंदना बरनवाल ने महिलाओं के लिए जरूरी जड़ी-बूटियों, मसालों और योगाभ्यास के बारे में बताया। गैरी और गौरव ग्रैवाल ने बताया कि भारतीय मसाले महिलाओं के स्वास्थ्य के लिए कितने उपयोगी हैं।

वेबिनार में वैद्य वंदना बरनवाल ने महिलाओं के लिए आयुर्वेद और योग के महत्व पर रोशनी डाली।

आयुर्वेद के माध्यम से महिलाएं किस तरह स्वास्थ्य लाभ कर सकती हैं और कैसे पोषण प्राप्त कर सकती हैं। इस विषय पर पिछले हफ्ते विशेष वेबिनार का आयोजन किया गया। अमेरिका में इंडियन अमेरिकन फोरम ने रीनबो मीडिया के साथ मिलकर ये आयोजन किया। इस दौरान वेबिनार को मुख्य रूप से वैद्य वंदना बरनवाल, गैरी ग्रेवाल और गौरव ग्रेवाल ने संबोधित किया।

वंदना बरनवाल ओहियो में आयुर्वेद चिकित्सक हैं और 30 वर्षों के अनुभव के साथ महिलाओं के स्वास्थ्य से जुड़े मामलों की विशेषज्ञ हैं। वह महिलाओं पर आयुर्वेद की दो किताबें लिख चुकी हैं। वंदना 'आयुर्वेदत्री' संस्था की संस्थापक और सीईओ भी हैं। वेबिनार में संबोधन के दौरान उन्होंने महिलाओं के जीवन में आयुर्वेद के महत्व पर रोशनी डाली।

वंदना ने महिलाओं के लिए जरूरी जड़ी-बूटियों, मसालों और योगाभ्यास के बारे में बताया। कहा कि आयुर्वेद में युवावस्था के दौरान खास देखभाल का मकसद विशिष्ट रूप से प्रजनन प्रणाली और समग्र रूप से व्यक्ति के विकास को बढ़ाना है। मेथी जैसे विशिष्ट मसाले, खाने में गुड का इस्तेमाल, अशोक जैसी जड़ी-बूटियां मासिक धर्म के दौरान महिलाओं के लिए जरूरी हैं।

उन्होने कहा कि आयुर्वेद प्रसव के बाद भी महिलाओं के कायाकल्प की आवश्यकताओं का ध्यान रखता है। अदरक पाउडर, दशमूल और सौभाग्य शुंठी पाक जैसे मसालों और जड़ी बूटियों से मां की शारीरिक और भावनात्मक जरूरतें पूरी हो सकती हैं। बरनवाल ने रजोनिवृत्ति के दौरान जरूरी आयुर्वेदिक जड़ी-बूटियों और मसालों के बारे में भी बताया।

कार्यक्रम में उपस्थित गैरी ग्रेवाल उत्तरी अमेरिका में आयुर्वेदिक उत्पादों की प्रमुख सप्लायर में से एक हैं। उन्होंने वेबिनार में जोर देकर कहा कि उनके उत्पादों को उच्चतम गुणवत्ता मानकों पर परखा गया है। गैरी और गौरव ग्रेवाल ने भारत में प्रचलित जीरा, हल्दी, इलायची और यस्थिमधु जैसे बहुत से मसाले के बारे में भी बताया। उन्होंने बताया कि ये मसाले किस तरह स्वास्थ्य के लिए उपयोगी हैं। उन्होंने महिलाओं के स्वास्थ्य के लिए उपयोगी कई जड़ी बूटियों की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आंवला, अश्वगंधा, ब्राह्मी और शतावरी रजोनिवृत्ति के दौरान किस तरह से फायदेमंद हैं।

कार्यक्रम में फोरम की अध्यक्ष इंदु जायसवाल और रीनबो मीडिया की अध्यक्ष डॉ रेनी मेहरा विशेष तौर पर उपस्थित रहीं। इंडियन अमेरिकन फोरम के तमाम सदस्यों के अलावा ज्योति गुप्ता, नीलिमा मदान और सुनीता रमैया भी शामिल हुईं। कार्यक्रम के अंत में ज्योति गुप्ता ने धन्यवाद ज्ञापन दिया। उन्होंने बताया कि समग्र चिकित्सा पर भारतीय अमेरिकी फोरम की तरफ से अगला वेबिनार 30 अप्रैल को होगा।

Comments

Latest