Skip to content

USA: 21 दिन से लापता है यह भारतीय किशोरी, खोज में जुटे हुए हैं मार्शल

तन्वी इस बात से सदमे में थी कि उसके पिता पवन राव को अपनी नौकरी गंवानी पड़ सकती है और अगर नौकरी चली जाती है तो उसके परिवार को 10 दिनों के भीतर भारत वापस लौटना होगा। वह अमेरिका से वापस भारत नहीं आना चाहती थी।

अमेरिका के अर्कांसस राज्य के कॉनवे शहर से भारतीय मूल की तन्वी मारुपल्ली 21 दिन से लापता है। इस 14 वर्षीय लापता किशोरी की तलाश में जुटी कॉनवे पुलिस ने जानकारी दी है कि अब तन्वी की खोज के लिए मार्शल भी लगाए गए हैं। समुदाय के सदस्य भी इन दिनों तन्वी की खोज में जुटे हैं। तन्वी आखिरी बार कॉनवे जूनियर हाई स्कूल से निकलते हुए दिखाई दी थी। तन्वी ने बैंगनी रंग का कोट पहना हुआ था।

कॉनवे पुलिस के प्रवक्ता लेसी कानिपे ने स्थानीय मीडिया को बताया कि यह वाकई में बड़ा मामला है। हम सकारात्मक बने हुए हैं। हमारा लक्ष्य बच्ची को उसके परिवार के साथ फिर से मिलाना है। उसके लापता होने के बाद से पुलिस भी खोज रही है। समुदाय के सदस्य भी जुटे हुए हैं। तन्वी का परिवार भी लगातार इस जवाब को जानने में लगा है कि उनकी बेटी क्यों और कहां गई।

कनिपे ने कहा कि तन्वी की खोज में जितने अधिक लोग शामिल होंगे, उतना बेहतर होगा। इससे आप ज्यादा बड़े एरिया को कवर कर पाएंगे। उन्होंने बताया कि अमेरिका के मार्शल भी अब इस खोज का हिस्सा हैं। उन्हें शुक्रवार को बुलाया गया था और शनिवार को भी खोजबीन की गई थी। सोमवार को मार्शल ने कॉनवे जूनियर हाई में साक्षात्कार और कैमरों की जांच की थी।

हालांकि इन सब प्रयास के बावजूद समुदाय के सदस्यों ने कॉनवे पुलिस द्वारा किए प्रयासों पर नाराजगी जाहिर की है। जैसे-जैसे समय बीतता जा रहा है, परिवार समेत समुदाय के सदस्यों के बीच चिंताएं बढ़ती जा रही हैं। कनिपं ने कहा कि हम जांच से जुड़ी हर एक जानकारी को साझा नहीं कर सकते हैं। और ऐसा हम इसलिए करते हैं ताकि जांच में कोई बाधा न आए। उन्होंने बताया कि हमारे अधिकारी शहर में लगातार चक्कर काट रहे हैं। हमने छात्रों और शिक्षकों व तन्वी के दोस्तों से भी बात की है।

बताया जा रहा है कि तन्वी इस बात से सदमे में थी कि उसके पिता पवन राव को अपनी नौकरी गंवानी पड़ सकती है और अगर नौकरी चली जाती है तो उसके परिवार को 10 दिनों के भीतर भारत वापस लौटना होगा। वह अमेरिका से वापस भारत नहीं आना चाहती थी।

Comments

Latest